NEWS SAGA DESK
एसआईआर-2026 अभियान के तहत खूंटी जिले ने हासिल की बड़ी उपलब्धि, अंतिम तिथि से एक दिन पहले पूरा हुआ डिजिटाइजेशन का कार्य।

झारखंड के खूंटी जिले ने विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR)-2026 अभियान के तहत एक महत्वपूर्ण उपलब्धि हासिल की है। जिला निर्वाचन पदाधिकारी-सह-उपायुक्त मो. जावेद हुसैन के नेतृत्व में अंतिम तिथि से एक दिन पहले ही खूंटी और तोरपा विधानसभा क्षेत्रों में गणना प्रपत्रों का 100 प्रतिशत डिजिटाइजेशन सफलतापूर्वक पूरा कर लिया गया है। जिला प्रशासन ने इसे निर्वाचन प्रक्रिया को समयबद्ध और पारदर्शी बनाने की दिशा में बड़ी सफलता बताया है।
मंगलवार देर रात जिला प्रशासन की ओर से जारी प्रेस विज्ञप्ति में बताया गया कि इस उपलब्धि के पीछे अधिकारियों, कर्मचारियों और बूथ स्तर पर कार्यरत कर्मियों की मेहनत, बेहतर समन्वय और लगातार निगरानी की अहम भूमिका रही।
20 जून से शुरू हुई थी तैयारी
प्रशासन के अनुसार, SIR-2026 अभियान के तहत जिले में 20 जून से 29 जून तक तैयारी, प्रशिक्षण और आवश्यक प्रपत्रों की छपाई का कार्य किया गया। इसके बाद 30 जून से 29 जुलाई तक बूथ लेवल अधिकारियों (BLO) ने घर-घर जाकर मतदाताओं के गणना प्रपत्रों का वितरण और संग्रहण किया।
इस दौरान जिले के सभी मतदान केंद्रों पर निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार कार्य किया गया और निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों का पालन सुनिश्चित किया गया।
मतदान केंद्रों का पुनर्गठन भी समय पर पूरा
जिला प्रशासन ने बताया कि गणना प्रपत्रों के डिजिटाइजेशन के साथ-साथ मतदान केंद्रों के पुनर्गठन की प्रक्रिया भी निर्धारित समय सीमा के भीतर पूरी कर ली गई। इससे आगामी मतदाता सूची के प्रकाशन और दावे-आपत्तियों की प्रक्रिया को समय पर पूरा करने में सुविधा होगी।
इसे भी देखें:-SIR पर झारखंड कांग्रेस की बड़ी मांग! 15 दिन और बढ़े सत्यापन की तारीख, CEO ने क्या कहा?
प्रशासन का कहना है कि डिजिटाइजेशन से मतदाता सूची तैयार करने की प्रक्रिया अधिक पारदर्शी, सटीक और प्रभावी बनेगी।
उपायुक्त ने अधिकारियों और कर्मियों को दी बधाई
इस उपलब्धि पर उपायुक्त मो. जावेद हुसैन ने निर्वाचन कार्य से जुड़े सभी अधिकारियों और कर्मचारियों को बधाई दी। उन्होंने निर्वाचक निबंधन पदाधिकारी, सहायक निर्वाचक निबंधन पदाधिकारी, बूथ लेवल अधिकारी (BLO), बूथ लेवल एजेंट (BLA) सहित सभी संबंधित कर्मियों के योगदान की सराहना की।
उन्होंने कहा कि सभी के समर्पण, बेहतर समन्वय और लगातार मॉनिटरिंग के कारण निर्धारित समय से पहले 100 प्रतिशत डिजिटाइजेशन का लक्ष्य हासिल किया जा सका। उन्होंने आगामी चरणों में भी इसी प्रतिबद्धता के साथ कार्य करने का आह्वान किया।
जिला प्रशासन ने निर्वाचन आयोग के कार्यक्रम के अनुसार आगामी चरणों की जानकारी भी साझा की है।
- 5 अगस्त 2026: प्रारूप मतदाता सूची का प्रकाशन
- 5 अगस्त से 4 सितंबर 2026: दावे और आपत्तियां स्वीकार की जाएंगी
- 3 अक्टूबर 2026 तक: दावे और आपत्तियों का नियमानुसार निष्पादन
- 7 अक्टूबर 2026: अंतिम मतदाता सूची का प्रकाशन
प्रशासन ने सभी संबंधित अधिकारियों और कर्मचारियों को निर्देश दिया है कि आगामी चरणों में भी पूरी जिम्मेदारी और सतर्कता के साथ कार्य करते हुए निर्वाचन आयोग के निर्धारित कार्यक्रम का शत-प्रतिशत पालन सुनिश्चित करें।
विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR)-2026 का उद्देश्य मतदाता सूची को अधिक सटीक, अद्यतन और त्रुटिरहित बनाना है। खूंटी जिले में समय से पहले डिजिटाइजेशन पूरा होना प्रशासनिक दक्षता का उदाहरण माना जा रहा है। इससे न केवल आगामी चुनावी प्रक्रिया को गति मिलेगी, बल्कि मतदाता सूची की विश्वसनीयता भी मजबूत होगी।
No Comment! Be the first one.