ASI की गोली से युवक की मौत, गुस्साई भीड़ ने DM का पकड़ा कॉलर, जानिए पूरा मामला

बिहार के मधुबनी में ASI की फायरिंग से 40 वर्षीय युवक की मौत के बाद बवाल मच गया। आक्रोशित ग्रामीणों ने सड़क जाम कर प्रदर्शन किया। हालात संभालने पहुंचे DM आनंद शर्मा को भी लोगों के गुस्से का सामना करना पड़ा। एक महिला ने उनका कॉलर पकड़ लिया। हालांकि, डीएम ने अपना आपा नहीं खोया। अब इस घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है।

News Saga Desk

बिहार के मधुबनी जिले के बाबूबरही प्रखंड स्थित बलिराजगढ़ गांव में सोमवार रात हुई गोलीबारी ने पूरे इलाके में तनाव पैदा कर दिया। पुरातत्व स्थल की सुरक्षा में तैनात एएसआई चंद्रमोहन सिंह पर एक महिला के घर में गलत नीयत से घुसने का आरोप लगा। इस बात की जानकारी मिलने के बाद ग्रामीणों ने एएसआई को घेर लिया। इसी दौरान एएसआई ने अपनी सर्विस रिवॉल्वर से फायरिंग कर दी। गोली लगने से गांव के 40 वर्षीय अशोक यादव की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि तीन अन्य लोग घायल हो गए। घटना के बाद ग्रामीणों का गुस्सा फूट पड़ा और देखते ही देखते पूरा इलाका विरोध-प्रदर्शन की चपेट में आ गया।

ASI की फायरिंग के बाद सड़क पर उतरे ग्रामीण

गोलीबारी में अशोक यादव की मौत के बाद आक्रोशित ग्रामीणों ने शव को सड़क पर रखकर बाबूबरही-खुटौना मुख्य मार्ग जाम कर दिया। ग्रामीण आरोपित एएसआई के खिलाफ कड़ी कार्रवाई और पीड़ित परिवार को न्याय दिलाने की मांग कर रहे थे। स्थिति इतनी तनावपूर्ण हो गई कि मौके पर पहुंचे डीएसपी को भी लोगों ने घेर लिया। पुलिस और प्रशासन के अधिकारियों को ग्रामीणों के भारी विरोध का सामना करना पड़ा।

गुस्साई भीड़ ने DM आनंद शर्मा का पकड़ा कॉलर

हालात को नियंत्रित करने के लिए मधुबनी के डीएम आनंद शर्मा भी मौके पर पहुंचे। उन्होंने ग्रामीणों से बातचीत कर उन्हें शांत कराने की कोशिश की। डीएम ने आश्वासन दिया कि आरोपित पुलिस पदाधिकारी के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। साथ ही मृतक के परिजनों को सरकारी प्रावधानों के तहत उचित सहायता उपलब्ध कराई जाएगी।

इसके बाद डीएम और एसपी मृतक अशोक यादव के घर पहुंचे। वहां वे उनकी पत्नी अश्मिता देवी से बातचीत कर रहे थे। इसी दौरान एक महिला अचानक आक्रोशित हो गई और उसने डीएम आनंद शर्मा का कॉलर पकड़ लिया। महिला के इस व्यवहार के बावजूद डीएम ने अपना संयम बनाए रखा। मौके पर मौजूद लोगों के विरोध और धक्का-मुक्की के बीच पुलिसकर्मियों ने डीएम को सुरक्षा घेरे में लिया और वहां से सुरक्षित बाहर निकाला।

सोशल मीडिया पर वायरल हुआ DM का वीडियो

इस पूरे घटनाक्रम का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वीडियो में महिला को डीएम का कॉलर पकड़ते हुए देखा जा रहा है। हालांकि, इस दौरान डीएम आनंद शर्मा शांत नजर आते हैं। सोशल मीडिया यूजर्स उनके धैर्य और संयम की तारीफ कर रहे हैं। वहीं, कई लोग इस घटना को पुलिस प्रशासन की जवाबदेही और आम लोगों के बीच बढ़ते आक्रोश से जोड़कर देख रहे हैं।

कौन हैं मधुबनी के DM आनंद शर्मा?

आनंद शर्मा 2013 बैच के भारतीय प्रशासनिक सेवा (IAS) अधिकारी हैं। वे मूल रूप से उत्तर प्रदेश के रहने वाले हैं। उन्होंने कानपुर से मैकेनिकल इंजीनियरिंग में बीटेक किया। इसके बाद एमबीए की पढ़ाई के लिए दिल्ली चले गए। पढ़ाई पूरी करने के बाद उन्होंने जर्मनी में नौकरी भी की थी।

बताया जाता है कि उनके पिता की इच्छा थी कि वे सरकारी सेवा में अपना करियर बनाएं। इसी प्रेरणा से उन्होंने सिविल सेवा की तैयारी की और भारतीय प्रशासनिक सेवा में शामिल हुए।

बिहार में कई महत्वपूर्ण पदों पर कर चुके हैं काम

आनंद शर्मा वर्ष 2025 से मधुबनी के जिलाधिकारी की जिम्मेदारी संभाल रहे हैं। इससे पहले वे बिहार में कई महत्वपूर्ण प्रशासनिक पदों पर काम कर चुके हैं। उन्होंने एडीएम और एसडीओ के रूप में सेवाएं दी हैं। इसके अलावा बिहार पर्यटन विकास निगम के प्रबंध निदेशक, असिस्टेंट सेक्रेटरी और डिप्टी डेवलपमेंट कमिश्नर जैसे पदों पर भी जिम्मेदारी निभाई है।

उनके प्रशासनिक कार्यों के लिए उन्हें राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू से सम्मानित किए जाने की जानकारी भी सामने आई है।

फिलहाल बलिराजगढ़ की घटना के बाद इलाके में तनाव और प्रशासनिक कार्रवाई को लेकर चर्चा बनी हुई है। एक युवक की मौत और तीन लोगों के घायल होने की इस घटना ने पुलिस की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।

Read More News

Read More