सीवान गोलीकांड का मुख्य आरोपी एनकाउंटर में ढेर, पुलिस की बड़ी कार्रवाई

News Saga Desk

बिहार के सीवान जिले में चर्चित हर्ष सिंह हत्याकांड के मुख्य आरोपी का पुलिस ने मुठभेड़ में अंत कर दिया है। रविवार सुबह हुई इस कार्रवाई में कुख्यात आरोपी सोनू यादव पुलिस की जवाबी फायरिंग में मारा गया।

यह पूरा मामला 29 अप्रैल 2026 को हुए एक रोडरेज विवाद से जुड़ा है। मामूली कहासुनी के बाद यह विवाद हिंसक हो गया था, जिसमें पूर्व बीजेपी एमएलसी के भांजे हर्ष सिंह की गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। इस हमले में उनके पिता चंदन सिंह गंभीर रूप से घायल हो गए थे, जिनका इलाज अभी भी जारी है।

घटना के बाद पुलिस ने आरोपियों की तलाश तेज कर दी थी। इसी क्रम में रविवार सुबह पुलिस को सूचना मिली कि मुख्य आरोपी सोनू यादव बड़हरिया इलाके में छिपा हुआ है और किसी बड़ी वारदात की फिराक में है। सूचना के आधार पर पुलिस ने इलाके की घेराबंदी की। खुद को घिरता देख आरोपी ने पुलिस टीम पर फायरिंग शुरू कर दी। जवाबी कार्रवाई में पुलिस ने भी गोली चलाई, जिसमें सोनू यादव गंभीर रूप से घायल हो गया।

घायल अवस्था में उसे अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। पुलिस के अनुसार, सोनू यादव पर हत्या, लूट समेत कई गंभीर आपराधिक मामले दर्ज थे और उसकी गिरफ्तारी पर 25 हजार रुपये का इनाम घोषित था।

इस मामले में पुलिस पहले ही दो अन्य आरोपियों को गिरफ्तार कर चुकी है, जिनमें एक मुठभेड़ में घायल हुआ था। पुलिस अब पूरे नेटवर्क की जांच कर रही है और इस घटना को बड़ी सफलता मान रही है।

सीवान में लगातार हो रही आपराधिक घटनाओं के बीच इस एनकाउंटर को कानून-व्यवस्था के लिए अहम कार्रवाई माना जा रहा है। वहीं, इस घटना के बाद इलाके में सुरक्षा व्यवस्था और कड़ी कर दी गई है।

Read More News

झारखंड विशेष सत्र की मांग : BJP ने मुख्यमंत्री को लिखा पत्र, नारी शक्ति वंदन अधिनियम पर चर्चा मांग

नेता प्रतिपक्ष बाबूलाल मरांडी ने झारखंड विधानसभा का विशेष सत्र आहूत करने के संबंध में मुख्यमंत्री...

Read More