धनबाद में डैम का बढ़ा जलस्तर, 10 गेट खुले, अलर्ट

NEWS SAGA DESK

धनबाद में भारी बारिश से मैथन-पंचेत डैम का जलस्तर बढ़ा है। DVC ने पानी छोड़ने की मात्रा बढ़ाई, पश्चिम बंगाल के निचले इलाकों में येलो अलर्ट जारी हुआ।

धनबाद में पिछले तीन-चार दिनों से हो रही मूसलाधार बारिश के कारण मैथन और पंचेत डैम का जलस्तर तेजी से बढ़ गया है। पानी की आवक बढ़ने के बाद दामोदर वैली कॉरपोरेशन (DVC) ने दोनों डैम से पानी छोड़ने की मात्रा बढ़ा दी है। इसके साथ ही बराकर और दामोदर नदियों के जलस्तर पर भी लगातार नजर रखी जा रही है।

मूसलाधार बारिश

गुरुवार को मैथन डैम का जलस्तर 488.29 फीट दर्ज किया गया, जबकि पंचेत डैम में पानी का स्तर 416.08 फीट रहा। दोनों डैम का जलस्तर फिलहाल डेंजर लेवल से नीचे है, लेकिन लगातार बारिश के कारण प्रशासन और जल प्रबंधन एजेंसियां स्थिति पर नजर बनाए हुए हैं।

पश्चिम बंगाल के निचले इलाकों में येलो अलर्ट

मैथन और पंचेत से पानी छोड़े जाने के बाद पश्चिम बंगाल के निचले और नदी किनारे वाले इलाकों में सतर्कता बढ़ा दी गई है। DVC ने संबंधित क्षेत्रों के अधिकारियों को स्थिति की जानकारी दी है और लोगों से नदी के किनारे नहीं जाने की अपील की गई है। आसनसोल, दुर्गापुर, बर्धमान और उत्तर एवं दक्षिण 24 परगना सहित नदी के आसपास के इलाकों पर विशेष नजर रखी जा रही है। इन क्षेत्रों में मूसलाधार बारिश और डैम से लगातार पानी छोड़े जाने के कारण जलभराव अथवा बाढ़ का खतरा बढ़ सकता है।

DVC ने लोगों से की सावधानी बरतने की अपील

DVRCC के सदस्य सचिव संजीव कुमार के अनुसार, मैथन और पंचेत डैम में जलस्तर लगातार बढ़ रहा है। इसकी जानकारी पश्चिम बंगाल के निचले इलाकों में रहने वाले लोगों और संबंधित अधिकारियों को दे दी गई है।


इसे भी देखें…रांची में गठबंधन का प्रतिनिधिमंडल मुख्य सचिव से मिला | अराजकता फैलाने वालों पर कार्रवाई की मांग

लोगों से अपील की गई है कि वे नदी के किनारे जाने से बचें और स्थिति बिगड़ने पर ऊंचे स्थानों पर चले जाएं। प्रशासन की ओर से जारी निर्देशों का पालन करने और किसी भी तरह की अफवाह पर भरोसा नहीं करने की सलाह दी गई है।मूसलाधार बारिश के बीच बराकर और दामोदर नदी के जलस्तर में भी बदलाव हो रहा है। डैम से पानी छोड़े जाने के कारण नदी के निचले हिस्सों में रहने वाले लोगों को अतिरिक्त सावधानी बरतने की जरूरत है। प्रशासन ने लोगों को जलभराव वाले क्षेत्रों और नदी के तेज बहाव वाले हिस्सों से दूर रहने की सलाह दी है। खासकर बच्चों को नदी या डैम के आसपास जाने से रोकने की अपील की गई है।

Read More News

Read More