बोकारो में दिनदहाड़े लूट की बड़ी वारदात सामने आई है। माराफारी थाना क्षेत्र में बोकारो नाथ धाम शिव मंदिर के पास पल्सर बाइक पर सवार दो अपराधियों ने हीटाची कंपनी के एक कर्मचारी से 21.40 लाख रुपये लूट लिए।
NEWS SAGA DESK
बोकारो में दिनदहाड़े लूट की बड़ी वारदात सामने आई है। माराफारी थाना क्षेत्र में बोकारो नाथ धाम शिव मंदिर के पास पल्सर बाइक पर सवार दो अपराधियों ने हीटाची कंपनी के एक कर्मचारी से 21.40 लाख रुपये लूट लिए। वारदात को अंजाम देने के बाद दोनों आरोपी मौके से फरार हो गए। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस सक्रिय हो गई और मामले की जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार, हीटाची कंपनी में काम करने वाले विजय कुमार नया मोड़ स्थित एक्सिस बैंक से 21 लाख 40 हजार रुपये लेकर निकले थे। उन्हें यह रकम कुर्मीडीह और बालीडीह स्थित कंपनी के एटीएम में जमा करनी थी। इसी दौरान बोकारो नाथ धाम शिव मंदिर के पास बाइक सवार दो अपराधियों ने उन्हें रोक लिया। बताया जा रहा है कि आरोपियों ने कर्मचारी के साथ हाथापाई की और रुपये लूटकर फरार हो गए।
विजय कुमार के मुताबिक, लगातार दो दिनों तक बैंक बंद रहने के कारण इस बार सामान्य दिनों की तुलना में अधिक नकदी निकाली गई थी। इसी रकम को कंपनी के दोनों एटीएम में जमा करने की योजना थी। हालांकि, रास्ते में ही अपराधियों ने उन्हें निशाना बना लिया।
घटना के बाद पुलिस ने मौके पर पहुंचकर छानबीन शुरू की। मुख्यालय डीएसपी पवन कुमार ने बताया कि वारदात से जुड़े सुराग जुटाए जा रहे हैं। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है, ताकि आरोपियों की पहचान की जा सके।
इसके साथ ही जांच अधिकारी यह भी पता लगा रहे हैं कि इतनी बड़ी रकम बैंक से एटीएम तक ले जाने के दौरान निर्धारित सुरक्षा प्रोटोकॉल का पालन किया गया था या नहीं। फिलहाल पुलिस अपराधियों का पता लगाने और लूटी गई रकम बरामद करने की कोशिश में जुटी है।
No Comment! Be the first one.