NEWS SAGA DESK
नई दिल्ली : घरेलू शेयर बाजार में मंगलवार को कारोबार की शुरुआत गिरावट के साथ हुई, लेकिन कुछ ही देर बाद बाजार ने रिकवरी कर ली। शुरुआती कारोबार में बिकवाली का दबाव दिखा, हालांकि जल्द ही खरीदार सक्रिय हो गए और सेंसेक्स तथा निफ्टी दोनों हरे निशान में पहुंच गए। बीच में मुनाफावसूली के चलते बाजार में हल्की कमजोरी भी आई, लेकिन बाद में फिर खरीदारी बढ़ने से सूचकांकों में सुधार दर्ज किया गया। शुरुआती एक घंटे के कारोबार के बाद सेंसेक्स 0.07 प्रतिशत और निफ्टी 0.13 प्रतिशत की बढ़त के साथ कारोबार करते नजर आए।
सुबह के कारोबार में टीएमपीवी, कोल इंडिया, एटरनल, अदानी एंटरप्राइजेज और हिंडाल्को इंडस्ट्रीज के शेयरों में मजबूती देखने को मिली। इन शेयरों में 2.63 प्रतिशत से लेकर 0.73 प्रतिशत तक की तेजी दर्ज की गई। दूसरी ओर कोटक महिंद्रा, सन फार्मास्युटिकल्स, एसबीआई लाइफ इंश्योरेंस, मैक्स हेल्थकेयर और अपोलो हॉस्पिटल के शेयर गिरावट के साथ कारोबार करते दिखे।
शेयर बाजार में शुरुआती एक घंटे के दौरान कुल 2,996 शेयरों में कारोबार हुआ। इनमें से 2,054 शेयर बढ़त के साथ हरे निशान में रहे, जबकि 942 शेयर लाल निशान में कारोबार कर रहे थे। सेंसेक्स के 30 शेयरों में से 16 में तेजी और 14 में गिरावट रही। वहीं निफ्टी के 50 शेयरों में से 28 शेयर मजबूती के साथ और 22 शेयर कमजोरी के साथ कारोबार करते नजर आए।
बीएसई सेंसेक्स 264.82 अंक की गिरावट के साथ 76,224.14 अंक पर खुला था। कारोबार शुरू होने के बाद खरीदारी बढ़ने से यह तेजी से रिकवर कर 76,616.02 अंक तक पहुंच गया। हालांकि मुनाफावसूली के कारण इसमें हल्की गिरावट आई, लेकिन सुबह 10 बजे के बाद दोबारा खरीदारी बढ़ने से बाजार में तेजी लौट आई। सुबह 10:15 बजे सेंसेक्स 55.69 अंक की बढ़त के साथ 76,544.65 अंक पर कारोबार कर रहा था।
इसी तरह एनएसई निफ्टी 27.60 अंक टूटकर 24,004.10 अंक पर खुला। शुरुआती खरीदारी के चलते यह 24,077.20 अंक तक पहुंचा, लेकिन बाद में बिकवाली के कारण हल्की गिरावट आई। इसके बाद एक बार फिर लिवाली बढ़ने से निफ्टी में सुधार देखा गया। सुबह 10:15 बजे निफ्टी 31.95 अंक की मजबूती के साथ 24,063.65 अंक पर कारोबार कर रहा था।
सोमवार को बाजार ने शानदार तेजी के साथ कारोबार समाप्त किया था। सेंसेक्स 1,073.61 अंक की बढ़त के साथ 76,488.96 अंक पर बंद हुआ था, जबकि निफ्टी 312.40 अंक उछलकर 24,031.70 अंक पर पहुंच गया था।
No Comment! Be the first one.