पलामू में भ्रष्टाचार पर एसीबी का शिकंजा, 10 हजार की घूस के साथ मुंशी गिरफ्तार

NEWS SAGA DESK

पलामू में एसीबी की टीम ने झारखंड होमगार्ड कार्यालय के मुंशी सकेन्द्र उर्फ साकेश कुजूर को 10 हजार रुपये रिश्वत लेते गिरफ्तार किया है। पढ़ें पूरी खबर।

झारखंड के पलामू जिले में भ्रष्टाचार के खिलाफ एंटी करप्शन ब्यूरो (ACB) ने एक बड़ी कार्रवाई को अंजाम दिया है। एसीबी की टीम ने गुरुवार को मेदिनीनगर स्थित झारखंड होमगार्ड कार्यालय में छापा मारकर वहां के मुंशी सकेन्द्र उर्फ साकेश कुजूर को 10 हजार रुपये की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथों गिरफ्तार किया है। आरोपी मुंशी पर होमगार्ड जवान को ड्यूटी का कमान (ड्यूटी आदेश) देने के एवज में अवैध रूप से घूस मांगने का गंभीर आरोप है।

ड्यूटी कमान देने के लिए की जा रही थी पैसों की मांग प्राप्त जानकारी के अनुसार, प्रार्थी अपनी ड्यूटी का कमान लेने के सिलसिले में होमगार्ड कार्यालय पहुंचा था। वहां कार्यालय के मुंशी सकेन्द्र और तुलसी ने उससे साफ शब्दों में कहा कि यदि उसे ड्यूटी का कमान चाहिए, तो संबंधित साहब के निर्देशानुसार 10 हजार रुपये देने होंगे। जब पीड़ित जवान ने इस संबंध में उच्च अधिकारी का रुख किया, तो आरोप है कि उन्होंने भी मुंशी का ही समर्थन करते हुए अजीब तर्क दिया कि जब चार महीने में 1.20 लाख रुपये मिलते हैं, तो 10 हजार रुपये देने में क्या आपत्ति है।

एसीबी के एसपी से की गई थी लिखित शिकायत रिश्वतखोरी से तंग आकर पीड़ित जवान ने चुप बैठने के बजाय भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (ACB) के पुलिस अधीक्षक के समक्ष मामले की लिखित शिकायत दर्ज कराई। एसीबी ने गंभीरता दिखाते हुए तुरंत शिकायत का गोपनीय सत्यापन कराया, जिसमें रिश्वत मांगे जाने का मामला पूरी तरह सही पाया गया। इसके बाद, चार नवंबर को एसीबी थाना में कांड संख्या 06/2026 के तहत सुसंगत धाराओं में मामला दर्ज कर कानूनी प्रक्रिया शुरू की गई।

जाल बिछाकर एसीबी की धावा दल ने दबोचा गुरुवार को योजनाबद्ध तरीके से एक मजिस्ट्रेट और दो स्वतंत्र गवाहों की मौजूदगी में एसीबी की विशेष धावा दल ने कार्यालय में जाल बिछाया। जैसे ही मुंशी सकेन्द्र ने शिकायतकर्ता से तयशुदा 10 हजार रुपये की रिश्वत हाथ में ली, पहले से मुस्तैद एसीबी की टीम ने उसे मौके पर ही दबोच लिया। अचानक हुई इस कार्रवाई से कार्यालय परिसर में हड़कंप मच गया।

भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत होगी कार्रवाई एसीबी अधिकारियों ने बताया कि गिरफ्तार किए गए आरोपी मुंशी के खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम (Prevention of Corruption Act) की धारा 7(ए) के तहत मामला दर्ज कर लिया गया है। आरोपी से पूछताछ की जा रही है और इस भ्रष्टाचार में संलिप्त अन्य लोगों की भूमिका की भी जांच की जा रही है।

Read More News

झारखंड में सर्वाइकल कैंसर से बेटियों को बचाने के लिए HPV वैक्सीनेशन की तैयारी है। मुख्यमंत्री हेमंत...

Read More

2 hours ago

झारखंड में सर्वाइकल कैंसर से बेटियों को बचाने के लिए HPV वैक्सीनेशन...