News Saga Desk
पूर्वी सिंहभूम जिले के जमशेदपुर स्थित गालूडीह थाना क्षेत्र में सोमवार रात अपराधियों ने एक प्रज्ञा केंद्र संचालक की गोली मारकर हत्या कर दी। मृतक की पहचान तारापद महतो के रूप में हुई है, जो उलदा पंचायत की उपमुखिया आशारानी महतो के पति थे। घटना के बाद पूरे इलाके में भय और तनाव का माहौल है।
जानकारी के अनुसार, पुतरू गांव निवासी तारापद महतो पिछले दो वर्षों से खड़िकालोनी में स्थित प्रज्ञा केंद्र (सीएससी सेंटर) का संचालन कर रहे थे। सोमवार को टुसू पर्व के कारण केंद्र पर काफी भीड़ थी। रात करीब आठ बजे तक बड़ी संख्या में ग्रामीण महिलाएं ऑनलाइन लेन-देन और पैसे की निकासी के लिए वहां मौजूद थीं।
इसी दौरान बाइक पर सवार दो नकाबपोश अपराधी केंद्र पर पहुंचे। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, अपराधियों ने पहले तारापद महतो से उनका परिचय पूछा और पहचान की पुष्टि होते ही पिस्तौल निकालकर उन पर ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी।
बताया जा रहा है कि अपराधियों ने तारापद महतो को निशाना बनाकर दो गोलियां मारीं, जिससे वे मौके पर ही लहूलुहान होकर गिर पड़े। अचानक हुई गोलीबारी से केंद्र में मौजूद महिलाएं और स्थानीय लोग घबराकर इधर-उधर भागने लगे। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी बाइक से फरार हो गए।
स्थानीय लोग तुरंत उन्हें अस्पताल ले जाने की तैयारी कर रहे थे, लेकिन तब तक उनकी मौत हो चुकी थी। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर आगे की कार्रवाई शुरू की। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और अपराधियों की तलाश में छापेमारी की जा रही है।
No Comment! Be the first one.