News Saga Desk
रांची। झारखंड सरकार ने दुर्गा पूजा से पहले राज्यवासियों को आर्थिक राहत देने की तैयारी कर ली है। मुख्यमंत्री मंईयां सम्मान योजना के अंतर्गत लाभुक महिलाओं को सितंबर महीने की सहायता राशि त्योहार से पहले ही प्रदान की जाएगी। साथ ही राज्य सरकार वृद्धा, विधवा और दिव्यांगजन पेंशनधारियों को तीन महीने (जुलाई से सितंबर) की पेंशन एक साथ देने जा रही है। सितंबर माह में 50 लाख से अधिक महिलाओं के खातों में मंईयां योजना की राशि ट्रांसफर की जाएगी। अगस्त महीने में भी इतनी ही संख्या में महिलाओं को इसका लाभ मिला था। राशि के भुगतान को लेकर सामाजिक सुरक्षा निदेशालय जल्द ही सभी जिलों को दिशा-निर्देश भेजेगा। 15 सितंबर के बाद जिलों के स्तर पर राशि ट्रांसफर की प्रक्रिया शुरू की जाएगी।
दीपावली और छठ से पहले अक्टूबर माह की राशि भी
राज्य सरकार ने योजना के तहत अक्टूबर माह की राशि भी दीपावली और छठ त्योहार से पहले देने की योजना बनाई है। सामाजिक सुरक्षा निदेशालय ने नवंबर माह तक की राशि का आवंटन भी कर दिया है। विभिन्न जिलों को कुल 9600 करोड़ रुपये आवंटित किए गए हैं। मंईयां योजना के तहत प्रत्येक लाभुक को प्रति माह 2500 रुपये की राशि दी जाती है।निदेशालय ने जिलों से यह जानकारी भी मांगी है कि किन अयोग्य लाभुकों ने योजना का लाभ गलत तरीके से प्राप्त किया है। ऐसे लाभुकों के खिलाफ की गई कार्रवाई का ब्योरा भी जिलों से तलब किया गया है।
पेंशनधारियों को तीन महीने की बकाया राशि मिलेगी
झारखंड में कुल 11,75,646 पेंशनधारी हैं, जिन्हें तीन माह (जुलाई, अगस्त और सितंबर) की पेंशन एक साथ दी जाएगी। इसमें 8,99,076 वृद्धा पेंशन, 2,51,173 विधवा पेंशन और 25,397 दिव्यांग पेंशन के लाभुक शामिल हैं। प्रत्येक पेंशनधारी को प्रति माह 1000 रुपये की दर से कुल 3000 रुपये मिलेंगे। राज्य में पेंशन योजना केंद्र और राज्य सरकार की संयुक्त पहल है। केंद्र द्वारा निर्धारित राशि के अतिरिक्त शेष राशि राज्य सरकार द्वारा वहन की जाती है। इससे पहले पेंशनधारियों को जून तक की राशि प्राप्त हो चुकी थी।
No Comment! Be the first one.