NEET UG 2026 री-एग्जाम को लेकर रांची प्रशासन ने 21 परीक्षा केंद्रों के 200 मीटर दायरे में धारा 163 लागू की। 21 जून को दोपहर 12 बजे से रात 8 बजे तक निषेधाज्ञा प्रभावी रहेगी।
News Saga Desk
रांची: राष्ट्रीय परीक्षा एजेंसी (एनटीए) द्वारा 21 जून 2026 को आयोजित होने वाली NEET (UG) 2026 री-एग्जाम परीक्षा को शांतिपूर्ण और कदाचारमुक्त ढंग से संपन्न कराने के लिए रांची जिला प्रशासन ने व्यापक सुरक्षा व्यवस्था की है। परीक्षा जिले के 21 उप-केंद्रों पर एक पाली में आयोजित की जाएगी।
उपायुक्त-सह-जिला दंडाधिकारी रांची मंजूनाथ भजंत्री तथा अपर जिला दंडाधिकारी (विधि-व्यवस्था) के निर्देश पर सभी परीक्षा केंद्रों पर दंडाधिकारियों, पुलिस पदाधिकारियों और पर्याप्त पुलिस बल की प्रतिनियुक्ति की गई है।
परीक्षा केंद्रों के 200 मीटर दायरे में लागू रहेगी निषेधाज्ञा
प्रशासन को आशंका है कि कुछ असामाजिक तत्व परीक्षा केंद्रों के आसपास भीड़ एकत्र कर विधि-व्यवस्था प्रभावित करने का प्रयास कर सकते हैं। इसे देखते हुए सदर अनुमंडल दंडाधिकारी कुमार रजत ने भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता (BNSS) की धारा 163 के तहत परीक्षा केंद्रों के 200 मीटर के दायरे में निषेधाज्ञा लागू करने का आदेश जारी किया है।
यह आदेश 21 जून 2026 को दोपहर 12 बजे से रात 8 बजे तक प्रभावी रहेगा।
इन गतिविधियों पर रहेगा प्रतिबंध
निषेधाज्ञा अवधि के दौरान परीक्षा केंद्रों के आसपास निम्नलिखित गतिविधियों पर रोक रहेगी—
- पांच या उससे अधिक व्यक्तियों का एक स्थान पर एकत्र होना (सरकारी कार्य एवं शवयात्रा को छोड़कर)
- किसी भी प्रकार के ध्वनि विस्तारक यंत्र का उपयोग
- आग्नेयास्त्र, बम, बारूद या अन्य हथियार लेकर चलना
- लाठी-डंडा, तीर-धनुष, भाला, गड़ासा जैसे पारंपरिक हथियारों का प्रदर्शन या उपयोग
- किसी भी प्रकार की सभा, बैठक या आमसभा का आयोजन
रांची के इन 21 केंद्रों पर होगी परीक्षा
रांची जिले के कुल 21 परीक्षा केंद्रों पर NEET UG 2026 री-एग्जाम आयोजित किया जाएगा। इनमें मारवाड़ी कॉलेज, सेंट जॉन्स हाई स्कूल, डोरंडा कॉलेज, निर्मला कॉलेज, केंद्रीय विद्यालय हिनू, केंद्रीय विद्यालय सीआरपीएफ धुर्वा, केंद्रीय विद्यालय एचईसी, गोस्सनर कॉलेज, केंद्रीय विद्यालय नामकुम, आर्मी पब्लिक स्कूल दीपाटोली, सीएम स्कूल ऑफ एक्सीलेंस, सरकारी प्लस टू हाई स्कूल कांके, अनीता गर्ल्स हाई स्कूल कांके, उर्सुलाइन कॉन्वेंट गर्ल्स हाई स्कूल समेत अन्य प्रमुख शिक्षण संस्थान शामिल हैं।
प्रशासन ने अभ्यर्थियों से की सहयोग की अपील
जिला प्रशासन ने अभ्यर्थियों, अभिभावकों और आम नागरिकों से परीक्षा के दौरान कानून-व्यवस्था बनाए रखने में सहयोग करने की अपील की है। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि निषेधाज्ञा का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
री-एग्जाम को पारदर्शी, निष्पक्ष और शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न कराने के लिए सुरक्षा व्यवस्था को लेकर विशेष सतर्कता बरती जा रही है।
No Comment! Be the first one.