NEWS SAGA DESK
गढ़वा : झारखंड के गढ़वा जिले में बिजली विभाग की लापरवाही का एक मामला सामने आया है। उंटारी रोड थाना क्षेत्र स्थित बांकी नदी पर बने पुल के बीचोंबीच बिजली का खंभा और ट्रांसफार्मर स्थापित कर दिया गया है। इसे मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के निर्देशों और निर्धारित नियमों की अनदेखी माना जा रहा है।
जानकारी के अनुसार बांकी नदी पर बने पुल के बीच बिजली विभाग ने खंभा गाड़कर ट्रांसफार्मर लगा दिया है। स्थानीय लोगों का कहना है कि यह व्यवस्था न केवल नियमों के विपरीत है, बल्कि बारिश के मौसम में गंभीर खतरा भी पैदा कर सकती है।
मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने नदियों, नालों और तालाबों पर किसी भी प्रकार के अतिक्रमण को रोकने के स्पष्ट निर्देश दिए हैं। इसके बावजूद नदी क्षेत्र में ट्रांसफार्मर लगाए जाने से विभाग की कार्यप्रणाली पर सवाल उठ रहे हैं।
मानसून में बढ़ सकता है खतरा
बांकी नदी का जलस्तर मानसून के दौरान तेजी से बढ़ता है और कई बार बाढ़ जैसी स्थिति भी बन जाती है। ऐसे में आशंका जताई जा रही है कि भारी बारिश के दौरान ट्रांसफार्मर पानी की चपेट में आ सकता है। यदि ऐसा हुआ तो बिजली प्रवाहित होने से लोगों और पशुओं की जान को खतरा पैदा हो सकता है।
विभाग ने स्वीकार की गलती
मामले की जानकारी सामने आने के बाद बिजली विभाग के अधिकारियों ने इसे गंभीरता से लिया है। विभाग के अधिकारियों ने स्वीकार किया कि इस स्थान पर खंभा और ट्रांसफार्मर लगाना उचित नहीं है। इसके बाद संबंधित एजेंसी को खंभा हटाने और आवश्यक सुधारात्मक कार्रवाई करने का निर्देश दिया गया है।
स्थानीय लोगों ने भी प्रशासन से जल्द से जल्द ट्रांसफार्मर और खंभे को सुरक्षित स्थान पर स्थानांतरित करने की मांग की है, ताकि मानसून के दौरान किसी संभावित दुर्घटना से बचा जा सके।
No Comment! Be the first one.