पूर्व मुख्यमंत्री रघुवर दास देवघर पहुंचे और बाबा बैद्यनाथ का जलाभिषेक किया। इस दौरान उन्होंने पीएम मोदी के नेतृत्व की सराहना की और विपक्ष पर निशाना साधा।
News Saga Desk
पूर्व मुख्यमंत्री रघुवर दास मंगलवार को देवघर पहुंचे, जहां उन्होंने विश्वप्रसिद्ध बाबा बैद्यनाथ मंदिर में विधि-विधान के साथ पूजा-अर्चना की और ज्योतिर्लिंग पर जलाभिषेक किया। इस दौरान उन्होंने झारखंडवासियों की सुख-समृद्धि और देश के कल्याण की कामना की। साथ ही देश में अराजकता फैलाने वाली शक्तियों को सद्बुद्धि देने की प्रार्थना भी की।
बाबा बैद्यनाथ मंदिर में किया जलाभिषेक
देवघर पहुंचने के बाद रघुवर दास बाबा बैद्यनाथ मंदिर पहुंचे। यहां तीर्थ पुरोहित ने उन्हें संकल्प कराया। इसके बाद गर्भगृह में विधि-विधान से पूजा-अर्चना कराई गई और उन्होंने बाबा बैद्यनाथ का जलाभिषेक किया।
दर्शन-पूजन के बाद पूर्व मुख्यमंत्री पथरोल स्थित काली मंदिर पहुंचे। यहां उन्होंने माता के दर्शन कर माथा टेका। इसके बाद गंजेवाड़ी स्थित नायक स्थान पहुंचकर नायक बाबा की पूजा-अर्चना की और पूरे देश के कल्याण की कामना की।
प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व की सराहना
मीडिया से बातचीत के दौरान रघुवर दास ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व की सराहना की। उन्होंने कहा कि केंद्र में मोदी सरकार बनने के बाद देश में चौतरफा विकास हुआ है। भारत की शक्ति और अंतरराष्ट्रीय प्रतिष्ठा में भी वृद्धि हुई है।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का प्रभाव केवल भारत तक सीमित नहीं है, बल्कि दुनिया की राजनीति में भी उनकी मजबूत पहचान बनी है। उनके नेतृत्व में देश के आध्यात्मिक और धार्मिक स्थलों का विकास हो रहा है।
विपक्ष पर लगाया वंशवाद की राजनीति का आरोप
पूर्व मुख्यमंत्री ने विपक्षी दलों पर निशाना साधते हुए वंशवाद की राजनीति करने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि एक ओर देश विकास और प्रगति की दिशा में आगे बढ़ रहा है, वहीं दूसरी ओर कुछ शक्तियां समाज और देश को बांटने का काम कर रही हैं।
रघुवर दास ने विपक्षी शक्तियों को असुरी शक्तियों से जोड़ते हुए कहा कि ऐसी राजनीति देश में अराजकता फैलाने का काम करती है। उन्होंने बाबा बैद्यनाथ से प्रार्थना की कि सभी को सद्बुद्धि मिले और देशवासी मिलकर भारत को पुनः विश्व गुरु बनाने की दिशा में आगे बढ़ें।
रघुवर दास के देवघर आगमन के दौरान भाजपा जिलाध्यक्ष सचिन रवानी, पूर्व विधायक रणधीर सिंह, बलबीर राय, नंदलाल तिवारी, गुड्डू गुप्ता और संतोष गुप्ता समेत भाजपा के दर्जनों नेता एवं कार्यकर्ता मौजूद रहे।
No Comment! Be the first one.