रामगढ़ के चोपादारू में जंगली हाथी की रहस्यमयी मौत, वन विभाग अलर्ट पर

News Saga Desk

रामगढ़: जिले के गोला वन क्षेत्र के चोपादारू गांव में सोमवार रात एक जंगली हाथी की रहस्यमयी मौत ने इलाके में हड़कंप मचा दिया। घटना की सूचना मिलते ही वन विभाग की टीम तुरंत मौके पर पहुंची और पूरे क्षेत्र को सील करके जांच शुरू कर दी।

प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, मृत हाथी के साथ उसका साथी भी मौजूद था। बताया गया कि दोनों हाथी रात के समय स्थानीय किसान के खेत में घुस गए, जहाँ उन्होंने आलू की फसल को नुकसान पहुंचाया। इसी दौरान एक हाथी की मौत हो गई, जबकि दूसरा हाथी जंगल की ओर चला गया। मृत हाथी के सूंढ़ से खून निकलते देखा गया।

वन क्षेत्र पदाधिकारी राकेश कुमार सिंह ने बताया कि ग्रामीणों से मिली सूचना के बाद अधिकारियों और कर्मचारियों ने तुरंत घटनास्थल पर पहुंचकर मृत हाथी के चारों ओर सुरक्षा घेरा तैयार किया और हर संभावित कारण की जांच में जुट गए।

वन विभाग ने चेतावनी जारी की है कि साथी हाथी के आक्रामक होने की संभावना है। इसके मद्देनजर “हाथी भगाओ दल” को अलर्ट किया गया है, साथ ही आसपास के गांवों में निगरानी बढ़ा दी गई है और ग्रामीणों से सतर्क रहने की अपील की गई है।

रामगढ़ का गोला वन क्षेत्र जंगली हाथियों का नियमित आवागमन स्थल है। वर्षभर में हाथियों के आने-जाने से फसल, मकान और अन्य संपत्ति को नुकसान की घटनाएं होती रहती हैं। कई बार जान-माल की हानि भी हुई है। वन विभाग की ओर से फसल और मकान नुकसान के लिए मुआवजा और किसी व्यक्ति की मृत्यु होने पर चार लाख रुपये की सहायता राशि देने का प्रावधान है।

फिलहाल चोपादारू गांव और आसपास के इलाके में भय और सतर्कता का माहौल है।

Read More News

त्योहारी सीजन में यात्रियों की सुविधा के लिए रांची रेल मंडल की बड़ी तैयारी, चलेंगी कई पूजा स्पेशल ट्रेनें

त्योहारी सीजन में यात्रियों की बढ़ती भीड़ को देखते हुए रांची रेल मंडल ने कई पूजा स्पेशल ट्रेनों के...

Read More