Ranchi News: कावेरी रेस्टोरेंट के युवा कारोबारी लव भाटिया की संदिग्ध मौत, रांची में शोक की लहर

News Saga Desk

रांची | राजधानी रांची के व्यापार जगत से गुरुवार को एक बेहद दुखद और सनसनीखेज खबर सामने आई। सर्कुलर रोड स्थित मशहूर ‘कावेरी रेस्टोरेंट एंड स्वीट्स’ की देखरेख करने वाले चर्चित युवा कारोबारी अभिमन्यु भाटिया उर्फ लव भाटिया की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई है। प्रारंभिक तौर पर आशंका जताई जा रही है कि उन्होंने जहर खाकर आत्महत्या की है।

इस घटना के बाद पूरे रांची के व्यावसायिक समुदाय, परिचितों और शुभचिंतकों में शोक की लहर दौड़ गई है। हर कोई इस बात से स्तब्ध है कि हमेशा खुशमिजाज रहने वाले लव भाटिया ने आखिर ऐसा कदम क्यों उठाया।

अस्पताल में 40 मिनट तक चला इलाज

पारिवारिक और पुलिस सूत्रों के अनुसार, गुरुवार दोपहर करीब तीन बजे अभिमन्यु भाटिया को गंभीर हालत में लालपुर स्थित ऑर्किड अस्पताल लाया गया था। अस्पताल पहुंचते ही डॉक्टरों की टीम ने उन्हें बचाने के लिए आपातकालीन उपचार शुरू किया।

करीब 40 मिनट तक आईसीयू में डॉक्टरों ने लगातार प्रयास किया, लेकिन उनके शरीर में कोई प्रतिक्रिया नहीं हुई। इसके बाद डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। मौत की खबर मिलते ही अस्पताल परिसर में मौजूद परिजनों और करीबियों में चीख-पुकार मच गई। परिवार का रो-रोकर बुरा हाल है।

कावेरी रेस्टोरेंट में जांच के लिए पहुंची पुलिस और FSL टीम

घटना की गंभीरता को देखते हुए लालपुर थाना पुलिस और विधि विज्ञान प्रयोगशाला (FSL) की टीम तुरंत सक्रिय हो गई। जांच टीम सर्कुलर रोड स्थित कावेरी रेस्टोरेंट एंड स्वीट्स पहुंची, जहां लव भाटिया बैठते थे।

पुलिस ने घटनास्थल से कई अहम साक्ष्य जुटाए हैं। इसके साथ ही सीसीटीवी फुटेज, मोबाइल फोन की कॉल डिटेल्स और आसपास की गतिविधियों की बारीकी से जांच की जा रही है। पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि मौत के पीछे मानसिक तनाव, पारिवारिक कारण या किसी तरह का व्यावसायिक दबाव था।

साल 2009 में हुआ था हाई-प्रोफाइल अपहरण

अभिमन्यु भाटिया का नाम साल 2009 में उस समय राष्ट्रीय स्तर पर सुर्खियों में आया था, जब अपराधियों ने उनका हाई-प्रोफाइल अपहरण कर लिया था। बताया जाता है कि वे मेन रोड स्थित ‘पंजाब स्वीट्स’ बंद कर घर लौट रहे थे, तभी अपराधियों ने हथियार के बल पर उनका अपहरण कर लिया था।

उस समय उनके पिता आशीष भाटिया ने लोअर बाजार थाने में प्राथमिकी दर्ज कराई थी। तत्कालीन एसएसपी स्वर्गीय प्रवीण सिंह के नेतृत्व में पुलिस ने विशेष अभियान चलाकर मुठभेड़ के बाद लव भाटिया को अपराधियों के चंगुल से सकुशल मुक्त कराया था।

उस कठिन दौर से निकलकर लव भाटिया ने अपने व्यवसाय को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाया था। ऐसे में उनकी अचानक हुई मौत ने पूरे शहर को गहरे सदमे में डाल दिया है।

Read More News

झारखंड में भीषण गर्मी का प्रकोप 11 जिलों में पारा 40 डिग्री के पार, 23-24 मई को आंधी-बारिश का ‘ऑरेंज अलर्ट’

राजधानी रांची सहित पूरे झारखंड में इन दिनों मौसम आग उगल रहा है। राज्य के 11 जिलों में भीषण गर्मी के...

Read More