रांची पुलिस का बड़ा एक्शन, 15 से अधिक जगहों पर महा-चेकिंग अभियान

News Saga Desk

राजधानी में सुरक्षा व्यवस्था सख्त, चप्पे-चप्पे पर तैनात पुलिस बल ने संदिग्धों और वाहनों की ली तलाशी।

रांची: राजधानी रांची में अपराध नियंत्रण और कानून-व्यवस्था को सुदृढ़ बनाए रखने के उद्देश्य से पुलिस ने सोमवार देर रात व्यापक चेकिंग अभियान चलाया। जिले के 15 से अधिक महत्वपूर्ण स्थानों पर एक साथ संचालित इस अभियान के दौरान वाहनों, संदिग्ध व्यक्तियों और सार्वजनिक स्थलों की गहन जांच की गई।

पुलिस अधिकारियों के अनुसार, अभियान का मुख्य उद्देश्य असामाजिक तत्वों की गतिविधियों पर अंकुश लगाना तथा आम नागरिकों के लिए सुरक्षित वातावरण सुनिश्चित करना है।

नगर पुलिस अधीक्षक (सिटी एसपी) पारस राणा ने मंगलवार को बताया कि वरीय पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) राकेश रंजन के निर्देश पर विभिन्न थाना क्षेत्रों की पुलिस ने संयुक्त रूप से यह विशेष अभियान चलाया। इसके तहत शहर के प्रमुख और संवेदनशील इलाकों में सुरक्षा व्यवस्था की समीक्षा करते हुए व्यापक जांच-पड़ताल की गई।

उन्होंने बताया कि सुजाता चौक, न्यू मार्केट चौक, खेलगांव, शहीद मैदान, चांदनी चौक, बिरसा चौक समेत 15 से अधिक स्थानों पर पुलिस बल की तैनाती कर वाहनों और संदिग्ध गतिविधियों की जांच की गई। अभियान के दौरान दोपहिया और चारपहिया वाहनों के दस्तावेजों की जांच की गई, वहीं संदिग्ध व्यक्तियों से पूछताछ कर उनकी पहचान सत्यापित की गई।

सिटी एसपी ने कहा कि रात के समय होने वाले अपराधों की रोकथाम, असामाजिक तत्वों की गतिविधियों पर नजर रखने और नागरिकों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए ऐसे अभियान नियमित रूप से चलाए जा रहे हैं। पुलिस का प्रयास है कि अपराधियों में कानून का भय बना रहे और आम लोगों में सुरक्षा का विश्वास मजबूत हो।

इसी क्रम में यातायात व्यवस्था को बेहतर बनाने और सड़क दुर्घटनाओं को रोकने के लिए भी विशेष अभियान चलाया गया। यातायात पुलिस अधीक्षक राकेश सिंह के नेतृत्व में शहर के प्रमुख चौराहों और मुख्य मार्गों पर ड्रंकन ड्राइविंग के खिलाफ सघन जांच अभियान संचालित किया गया। इस दौरान शराब पीकर वाहन चलाने वाले चालकों की जांच की गई और यातायात नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ कार्रवाई की गई।

पुलिस अधिकारियों ने बताया कि सार्वजनिक सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है और यातायात नियमों का पालन सुनिश्चित करने के लिए आगे भी इसी प्रकार के अभियान जारी रहेंगे। उन्होंने कहा कि रात के समय सड़क पर चलने वाले वाहन चालकों को सभी आवश्यक दस्तावेज साथ रखने और नियमों का पालन करने की सलाह दी गई है।

सिटी एसपी पारस राणा ने शहरवासियों से पुलिस का सहयोग करने की अपील करते हुए कहा कि सुरक्षा जांच अभियान नागरिकों की सुरक्षा के लिए चलाए जाते हैं। उन्होंने लोगों से अनुरोध किया कि किसी भी संदिग्ध व्यक्ति, गतिविधि या घटना की जानकारी तुरंत नजदीकी पुलिस थाना अथवा आपातकालीन हेल्पलाइन नंबर 112 पर दें, ताकि समय रहते आवश्यक कार्रवाई की जा सके।

पुलिस का कहना है कि अपराध नियंत्रण, यातायात व्यवस्था और नागरिक सुरक्षा को लेकर आगे भी शहर के विभिन्न क्षेत्रों में औचक जांच और विशेष अभियान चलाए जाते रहेंगे।

Read More News

नीट पेपर लीक मामले को लेकर युवा कांग्रेस का लोक भवन घेराव, केंद्र सरकार के खिलाफ की नारेबाजी

रांची में मंगलवार को युवा कांग्रेस के बैनर तले नीट पेपर लीक मामले और विभिन्न केंद्रीय एजेंसियों की...

Read More