सारंडा में पुलिया विस्फोट का आरोपी गिरफ्तार, चाईबासा पुलिस को बड़ी सफलता

पश्चिमी सिंहभूम के सारंडा जंगल क्षेत्र में पुलिया उड़ाने वाले दो माओवादियों को चाईबासा पुलिस ने गिरफ्तार किया है। एसपी अमित रेणु ने बताया कि गिरफ्तार आरोपियों में अलब्रेट लोमगा उर्फ रेंगो लोमगा (19) और विकास लोमगा उर्फ रापा/गबरी/बालका लोमगा (20) शामिल हैं। दोनों बंदगांव के सिंकल गांव के रहनेवाले हैं।

एसपी ने कहा कि आरोपियों के पास से विस्फोटक सामग्री भी बरामद हुई है, जिसमें 22 पीस 9 बोल्ट की बैट्री और लगभग 200 मीटर बिजली का तार शामिल है। गिरफ्तार माओवादियों से पुलिस पूछताछ कर रही है ताकि उनके अन्य साथियों और संगठन की जानकारी जुटाई जा सके।

इस कार्रवाई में चाईबासा पुलिस और सीआरपीएफ 26 बटालियन की टीम शामिल थी। एसपी ने कहा कि माओवादी संगठन के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा और भविष्य में भी ऐसी कार्रवाई की जाएगी।

वहीं, यह मामला 9 अक्टूबर का है, जब छोटानागरा थाना क्षेत्र अंतर्गत रातामाटी गांव के पास माओवादी आईईडी विस्फोट कर पुलिया को क्षतिग्रस्त कर चुके थे। पुलिस ने इस बड़ी सफलता पर अभियान दल की टीम को सराहा और माओवादी संगठन पर कड़ी कार्रवाई जारी रखने का भरोसा दिलाया।

Read More News

Read More