रांची में महिला समेत तीन ड्रग तस्कर गिरफ्तार, 16.43 ग्राम ब्राउन शुगर बरामद

News saga Desk

सुखदेवनगर थाना क्षेत्र में पुलिस की बड़ी कार्रवाई, नकदी, मोबाइल और लेन-देन की नोटबुक भी बरामद।

रांची के सुखदेवनगर थाना क्षेत्र में पुलिस ने नशीले पदार्थों के कारोबार के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए एक महिला समेत तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार तस्करों के पास से कुल 16.43 ग्राम ब्राउन शुगर, तीन स्मार्टफोन, 7,320 रुपये नकद और लेन-देन से संबंधित एक नोटबुक बरामद की गई है।

गिरफ्तार आरोपियों की पहचान विद्यानगर निवासी अनिकेत अग्रवाल, रोड नंबर-6 निवासी कुसुम चौबे और उसके पुत्र अंकुश चौबे के रूप में हुई है। यह कार्रवाई डीएसपी नीरज कुमार के नेतृत्व में गठित विशेष टीम द्वारा की गई।

पुलिस को करम चौक स्थित विद्यानगर इलाके में अवैध मादक पदार्थों की खरीद-बिक्री की गुप्त सूचना मिली थी। सूचना के आधार पर छापेमारी के दौरान पुलिस ने अनिकेत अग्रवाल को पकड़ लिया, जिसके पास से ब्राउन शुगर की पुड़ियां बरामद हुईं।

पूछताछ में मिली जानकारी के आधार पर पुलिस ने कुसुम चौबे और अंकुश चौबे के घर पर छापेमारी की। तलाशी के दौरान दोनों के पास से ब्राउन शुगर की कई पुड़ियां बरामद की गईं। इसके अलावा घर की अलमारी में रखे एक पर्स से भी अतिरिक्त मात्रा में ब्राउन शुगर जब्त की गई।

पुलिस के अनुसार तीनों आरोपियों ने पूछताछ में नशीले पदार्थों के कारोबार में संलिप्तता स्वीकार की है। मामले में एनडीपीएस एक्ट के तहत आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।

छापेमारी दल में सुखदेवनगर थाना प्रभारी सुनील कुमार कुशवाहा, अरगोड़ा थाना प्रभारी अनिल कुमार तिवारी समेत दोनों थानों के पुलिस पदाधिकारी और सशस्त्र बल के जवान शामिल थे।

Read More News

झारखंड से कौन होगा राज्यसभा उम्मीदवार इसका फैसला केंद्रीय नेतृत्व के हाथ – बाबूलाल मरांडी

नेता प्रतिपक्ष बाबूलाल मरांडी ने राज्यसभा चुनाव को लेकर भारतीय जनता पार्टी की स्थिति स्पष्ट करते...

Read More