NEWS SAGA DESK
रांची :- राजधानी रांची में यातायात नियमों के पालन को सुनिश्चित करने के लिए मंगलवार को ट्रैफिक पुलिस ने व्यापक वाहन जांच अभियान चलाया। रांची एसएसपी राकेश रंजन के निर्देश पर ट्रैफिक एसपी राकेश सिंह के नेतृत्व में शहर के सभी यातायात थाना क्षेत्रों में विशेष जांच अभियान संचालित किया गया। इस दौरान दोपहिया, चारपहिया, ऑटो और टोटो वाहनों की सघन जांच की गई।
अभियान के दौरान मोटरयान अधिनियम का उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करते हुए कुल 3335 चालान काटे गए। ट्रैफिक पुलिस की इस कार्रवाई से नियम तोड़ने वालों में दिनभर हड़कंप की स्थिति रही।
बिना हेलमेट और नो पार्किंग उल्लंघन पर सबसे ज्यादा कार्रवाई
जांच के दौरान सबसे अधिक 1804 चालान बिना हेलमेट वाहन चलाने वालों के काटे गए। वहीं, सड़क किनारे गलत तरीके से वाहन खड़ा करने वाले 1200 लोगों के खिलाफ भी कार्रवाई की गई। ट्रैफिक पुलिस के अनुसार, बिना हेलमेट वाहन चलाना और नो पार्किंग क्षेत्र में वाहन खड़ा करना सड़क दुर्घटनाओं और जाम की प्रमुख वजहों में शामिल है।
गलत दिशा में वाहन चलाने वालों पर भी कार्रवाई
अभियान में 47 वाहन चालक गलत दिशा में वाहन चलाते पाए गए, जबकि 38 वाहन नो-एंट्री क्षेत्र में प्रवेश करते मिले। इसके अलावा 49 मामलों में क्षमता से अधिक सवारी बैठाने, 36 मामलों में बिना ड्राइविंग लाइसेंस वाहन चलाने और 30 मामलों में ओवरस्पीडिंग की पुष्टि हुई।
ट्रैफिक पुलिस ने पिलियन राइड नियमों के उल्लंघन के 21, फैंसी नंबर प्लेट के 48 और फिक्सर लाइट लगाने वाले 16 वाहन चालकों पर भी जुर्माना लगाया।
सीट बेल्ट, इंश्योरेंस और प्रदूषण प्रमाणपत्र की भी जांच
वाहन जांच के दौरान सीट बेल्ट नहीं लगाने वाले 6 चालकों, इंश्योरेंस दस्तावेज नहीं रखने वाले 3, प्रदूषण प्रमाणपत्र नहीं रखने वाले 4 तथा ब्लैक फिल्म लगे 5 वाहनों के खिलाफ भी कार्रवाई की गई। इसके अलावा नियमों का उल्लंघन करने वाले 7 वाहनों को टो कर हटाया गया।
ट्रैफिक व्यवस्था सुधारने के लिए मिले 100 स्लाइडिंग बैरियर
यातायात व्यवस्था को और बेहतर बनाने के लिए आदित्य विजन लिमिटेड ने रांची ट्रैफिक पुलिस को 100 स्लाइडिंग बैरियर उपलब्ध कराए हैं। इन बैरियरों का उपयोग शहर के प्रमुख चौक-चौराहों और भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों में यातायात नियंत्रण के लिए किया जाएगा।
ट्रैफिक एसपी राकेश सिंह ने कहा कि इन बैरियरों की मदद से यातायात प्रबंधन अधिक प्रभावी होगा और जाम की समस्या को कम करने में सहायता मिलेगी।
नागरिकों से नियमों के पालन की अपील
रांची यातायात police ने शहरवासियों से हेलमेट और सीट बेल्ट का अनिवार्य रूप से उपयोग करने, निर्धारित गति सीमा का पालन करने तथा गलत दिशा में वाहन नहीं चलाने की अपील की है। पुलिस का कहना है कि सड़क सुरक्षा सामूहिक जिम्मेदारी है और यातायात नियमों का पालन कर ही दुर्घटनाओं तथा जाम की समस्या को कम किया जा सकता है।
No Comment! Be the first one.