NEWS SAGA DESK
रामगढ़ : जन्मदिन की खुशियां उस समय मातम में बदल गईं जब पार्टी से लौट रहे दो दोस्तों की सड़क हादसे में दर्दनाक मौत हो गई। बासल थाना क्षेत्र के सियारी टोला के पास हुए इस हादसे में दोनों युवक गंभीर रूप से घायल होने के बाद पूरी रात सड़क किनारे पड़े रहे, लेकिन अंधेरा और सुनसान इलाका होने के कारण किसी को इसकी जानकारी नहीं मिल सकी। बुधवार सुबह स्थानीय लोगों की नजर पड़ने के बाद घटना का खुलासा हुआ।
जानकारी के अनुसार सौंदा डी निवासी अभिषेक शर्मा उर्फ संदीप कुमार का मंगलवार को जन्मदिन था। वह अपने मित्र राहुल कुमार के साथ पतरातू डैम के समीप स्थित एक होटल में जन्मदिन मनाने गया था। देर रात दोनों बाइक से अपने घर लौट रहे थे। इसी दौरान सियारी टोला के पास उनकी बाइक अनियंत्रित हो गई।
बताया जा रहा है कि तेज रफ्तार के कारण बाइक डिवाइडर पार करते हुए सड़क से काफी दूर जा पहुंची और एक अर्धनिर्मित मकान की दीवार से जा टकराई। दुर्घटना इतनी भीषण थी कि दोनों युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद वे सड़क से करीब 100 फीट दूर पड़े रहे, जिससे राहगीरों की नजर उन पर नहीं पड़ सकी।
गंभीर चोटों और अत्यधिक रक्तस्राव के कारण दोनों युवकों की घटनास्थल पर ही मौत हो गई। उधर, देर रात तक घर नहीं लौटने पर परिजनों ने उनकी तलाश शुरू की, लेकिन रातभर कोई सुराग नहीं मिला।
बुधवार सुबह स्थानीय ग्रामीणों ने सड़क किनारे दोनों युवकों को पड़ा देखा और तत्काल पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही बासल थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। कुछ देर बाद परिजन भी घटनास्थल पहुंचे। शवों की पहचान होते ही परिवार में चीख-पुकार मच गई और जन्मदिन की खुशियां पलभर में मातम में बदल गईं।
घटना की खबर फैलते ही सौंदा डी और आसपास के क्षेत्रों में शोक की लहर दौड़ गई। दोनों युवकों को जानने वाले लोग इस हादसे से स्तब्ध हैं, जबकि परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल रामगढ़ भेज दिया है। प्रारंभिक जांच में तेज रफ्तार और बाइक के अनियंत्रित होकर दुर्घटनाग्रस्त होने की बात सामने आई है। मामले की विस्तृत जांच जारी है।
No Comment! Be the first one.