राजमहल और सरफराजगंज में दो हत्याएं, एक युवक की पीट-पीटकर, तो दूसरे की चाकू घोंपकर हत्या

साहिबगंज : झारखंड के साहिबगंज जिले में दो अलग-अलग जगहों पर हुई हिंसक वारदातों से इलाके में सनसनी फैल गई है। राजमहल थाना क्षेत्र के चांय टोली में 24 वर्षीय भीमा महतो की उसके सौतेले भाई गुड्डू महतो ने लाठी से पीट-पीटकर हत्या कर दी। बताया गया कि दीपावली पर गुड्डू अपने घर के पास जुआ खेला रहा था, जिसका भीमा ने विरोध किया। इसी बात पर विवाद बढ़ा और गुड्डू ने भीमा पर हमला कर दिया। गंभीर रूप से घायल भीमा को अस्पताल ले जाया गया, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।

वहीं, राधानगर थाना क्षेत्र के दक्षिण सरफराजगंज पंचायत के मनिहारीटोला में जमीन विवाद को लेकर दो पक्षों में खूनी संघर्ष हुआ। इसमें 48 वर्षीय बेलाल मोमिन की चाकू घोंपकर हत्या कर दी गई, जबकि उसका भाई जलाल मोमिन गंभीर रूप से घायल हो गया।

घटना सोमवार दोपहर की है, जब दोनों भाई खेत जोतने गए थे। इसी दौरान विरोधी पक्ष के लगभग 14 लोग हथियारों से लैस होकर पहुंचे और खेत जोतने से मना किया। विवाद बढ़ने पर बेलाल पर चाकू से वार कर हत्या कर दी गई और जलाल को भी गंभीर चोटें आईं।

मृतक की पत्नी सालेहा बीवी के बयान पर पुलिस ने हाफिजुद्दीन मोमिन समेत 14 लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की है। पुलिस दोनों मामलों की जांच कर रही है और आरोपियों की तलाश जारी है।

Read More News

Read More