बाघ एक्सप्रेस में 40 लाख की बेहिसाब नकदी बरामद, GRP जांच में जुटी

NEWS SAGA DESK

जामताड़ा में राजकीय रेल पुलिस (GRP) ने गुप्त सूचना के आधार पर बड़ी कार्रवाई करते हुए चित्तरंजन रेलवे स्टेशन पर हावड़ा-काठगोदाम बाघ एक्सप्रेस (ट्रेन संख्या 13019) से 40 लाख रुपये की बेहिसाब नकदी बरामद की है। गुरुवार रात एसी कोच में की गई इस छापेमारी से रेलवे स्टेशन पर हड़कंप मच गया। पुलिस ने बिना किसी वैध दस्तावेज के ले जाई जा रही रकम को जब्त कर जामताड़ा ट्रेजरी में जमा करा दिया है।

जानकारी के अनुसार, पुलिस को पहले से इनपुट मिला था कि ट्रेन के जरिए भारी मात्रा में नकदी ले जाई जा रही है। जैसे ही बाघ एक्सप्रेस चित्तरंजन स्टेशन पहुंची, GRP की विशेष टीम ने एसी कोच बी-3 को घेरकर तलाशी अभियान शुरू किया। जांच के दौरान कोच में प्लास्टिक के पैकेटों में छिपाकर रखी गई 500-500 रुपये के नोटों की गड्डियां बरामद हुईं। गिनती में कुल राशि 40 लाख रुपये निकली, लेकिन मौके पर कोई वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं किया जा सका।

रेलवे पुलिस ने सुरक्षा और कानूनी प्रक्रिया के तहत पूरी रकम को अपने कब्जे में लेकर जामताड़ा ट्रेजरी में जमा करा दिया है। फिलहाल मामले में किसी गिरफ्तारी की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है, लेकिन पुलिस कोच में सफर कर रहे संदिग्ध यात्रियों की पहचान कर पूछताछ कर रही है।

पुलिस अब इस बात की जांच में जुटी है कि इतनी बड़ी नकदी कहां से लाई जा रही थी, इसे कहां पहुंचाया जाना था और इसके पीछे कौन सा नेटवर्क सक्रिय है। आगामी चुनावों और संवेदनशील गतिविधियों को देखते हुए रेलवे स्टेशनों तथा ट्रेनों में सुरक्षा एजेंसियों की सतर्कता बढ़ा दी गई है।

Read More News

Read More