बिरसा मुंडा एयरपोर्ट से स्कूटी पर निकले केंद्रीय मंत्री, लोगों ने लिया सेल्फी का आनंद

News Saga Desk

राजधानी रांची बुधवार को राजनीतिक और प्रशासनिक गतिविधियों का प्रमुख केंद्र बनी रही। केंद्रीय नागरिक उड्डयन मंत्री राम मोहन नायडू किंजरापू के रांची दौरे ने पूरे दिन सुर्खियां बटोरीं। एयरपोर्ट से लेकर विभिन्न कार्यक्रमों तक मंत्री का अलग अंदाज देखने को मिला, जिसने लोगों और सोशल मीडिया यूजर्स का ध्यान अपनी ओर खींच लिया।

रांची पहुंचने पर केंद्रीय मंत्री का भव्य स्वागत किया गया। इसके बाद उन्होंने केंद्रीय रक्षा राज्य मंत्री संजय सेठ के साथ बिरसा मुंडा एयरपोर्ट से स्कूटी पर सवार होकर उनके आवास तक का सफर तय किया। दोनों नेताओं की स्कूटी राइड चर्चा का विषय बन गई और इसकी तस्वीरें सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल होने लगीं।

संजय सेठ के आवास पर केंद्रीय मंत्री राम मोहन नायडू ने चैम्बर ऑफ कॉमर्स के प्रतिनिधियों और डॉक्टरों के एक प्रतिनिधिमंडल से मुलाकात की। इस दौरान शहर के विकास, नागरिक सुविधाओं और एयर कनेक्टिविटी से जुड़े मुद्दों पर चर्चा की गई। इसके अलावा भाजपा रांची महानगर के विभिन्न मंडलों के अध्यक्षों और पार्टी कार्यकर्ताओं के साथ भी अलग-अलग बैठकें आयोजित की गईं।

इसके बाद केंद्रीय मंत्री एक बार फिर संजय सेठ के साथ स्कूटी से बिरसा मुंडा एयरपोर्ट पहुंचे। एयरपोर्ट परिसर में उन्होंने कई नई नागरिक सुविधाओं का उद्घाटन किया। कार्यक्रम के दौरान भगवान बिरसा मुंडा की प्रतिमा का अनावरण भी किया गया।

इस मौके पर भाजपा नेताओं, कार्यकर्ताओं और बड़ी संख्या में स्थानीय लोग मौजूद रहे। कार्यक्रम के दौरान एयरपोर्ट विकास, यात्री सुविधाओं के विस्तार और क्षेत्रीय कनेक्टिविटी को मजबूत करने पर विशेष जोर दिया गया।

केंद्रीय मंत्री का यह दौरा रांची एयरपोर्ट के आधुनिकीकरण और नागरिक उड्डयन सुविधाओं के विस्तार की दिशा में महत्वपूर्ण माना
जा रहा है।

Read More News

Read More