झरिया में JLKM नेता और हईवा मालिक के बीच हिंसक झड़प, आत्मदाह की कोशिश, पुलिस ने किया लाठीचार्ज

News Saga Desk

धनबाद: झारखंड के झरिया थाना क्षेत्र में गुरुवार (23 अक्टूबर) को हईवा मालिक और जेएलकेएम नेता के बीच विवाद ने हिंसक रूप ले लिया। यह झड़प भौंरा ओपी क्षेत्र के परसियाबाद मोड़ पर हुई, जहाँ देखते ही देखते तीन घंटे तक हंगामा और सड़क जाम की स्थिति बन गई। हालात बिगड़ने पर पुलिस को लाठीचार्ज करना पड़ा।

घटना के दौरान जेएलकेएम के झरिया प्रखंड अध्यक्ष कार्तिक महतो और पूर्व वार्ड पार्षद शिव कुमार यादव के बीच तीखी बहस हुई, जो बाद में मारपीट में बदल गई। इसी दौरान जेएलकेएम समर्थक डिस्को महतो ने आत्मदाह की कोशिश की, लेकिन पुलिस की तत्परता से बड़ा हादसा टल गया। सूत्रों के मुताबिक, इलाके में हईवा गाड़ियों के कारण धूल, कीचड़ और प्रदूषण की समस्या को लेकर स्थानीय लोग पहले से नाराज थे। गुरुवार को सड़क पर पानी का छिड़काव होने के बाद एक हईवा के गुजरने से कीचड़ उछलकर राहगीरों पर गिर गया। जब कार्तिक महतो ने चालक से गाड़ी रोकने को कहा, तो उसने मालिक शिव कुमार यादव को सूचना दी। कुछ देर बाद शिव कुमार अपने साथियों के साथ मौके पर पहुंचा और लाठी-डंडों से हमला कर दिया, जिससे कार्तिक महतो का दाहिना हाथ टूट गया।

उधर, शिव कुमार यादव ने अपने ऊपर लगे आरोपों को गलत बताते हुए निष्पक्ष जांच की मांग की है।

घटना की सूचना पर सिंदरी अनुमंडल के कई थानों की पुलिस मौके पर पहुँची और स्थिति को नियंत्रित किया। भीड़ को तितर-बितर करने के लिए लाठीचार्ज किया गया, जिसमें कुछ महिलाओं को भी चोटें आईं।

सर्किल इंस्पेक्टर सत्यम कुमार ने बताया कि मारपीट के बाद एक युवक ने खुदकुशी की कोशिश की थी, जिसे समय रहते रोक लिया गया। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है, जबकि हमलावर फरार बताए जा रहे हैं।

Read More News

Read More