झारखंड में बदला मौसम का मिजाज, डाल्टनगंज सबसे गर्म, कई जिलों में बारिश की संभावना

NEWS SAGA DESK

रांची: झारखंड में मौसम का मिजाज लगातार बदल रहा है। एक ओर पलामू प्रमंडल भीषण गर्मी की चपेट में है, वहीं राज्य के कई हिस्सों में बारिश और बादलों की आवाजाही से तापमान नियंत्रित बना हुआ है। मौसम केंद्र रांची के अनुसार पिछले 24 घंटे में राज्य का सर्वाधिक अधिकतम तापमान डाल्टनगंज में 41 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जबकि सबसे कम न्यूनतम तापमान लातेहार में 19.7 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड हुआ।

राजधानी रांची में अधिकतम तापमान 35.6 डिग्री सेल्सियस रहा, जो सामान्य से कम है। इसके बावजूद लोगों को उमस भरी गर्मी का सामना करना पड़ रहा है। मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार बंगाल की खाड़ी से आ रही नम हवाओं के कारण हवा में नमी बढ़ गई है, जिससे पसीना जल्दी नहीं सूख रहा और गर्मी अधिक महसूस हो रही है। रांची में अधिकतम आर्द्रता 74 प्रतिशत और न्यूनतम 42 प्रतिशत दर्ज की गई।

मौसम विभाग ने शुक्रवार को राज्य के अधिकांश हिस्सों में आंशिक रूप से बादल छाए रहने और कई क्षेत्रों में हल्की से मध्यम बारिश की संभावना जताई है। साथ ही गरज-चमक और 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवा चलने का अनुमान है। विभाग ने लोगों को खुले मैदान, पेड़ों के नीचे और बिजली के खंभों के पास खड़े होने से बचने की सलाह दी है।

राज्य में सबसे अधिक गर्मी डाल्टनगंज में 41 डिग्री सेल्सियस दर्ज की गई। इसके अलावा सरायकेला में 40.4 डिग्री, जमशेदपुर में 40.3 डिग्री, चाईबासा में 39.8 डिग्री, जगन्नाथपुर में 38.6 डिग्री और बहरागोड़ा में 38.5 डिग्री सेल्सियस तापमान रिकॉर्ड किया गया।

पिछले 24 घंटे के दौरान कई इलाकों में बारिश भी हुई। सबसे अधिक 34 मिलीमीटर वर्षा बोकारो जिले के नवाडीह डीवीसी क्षेत्र में दर्ज की गई। दुमका के गोपीकांदर में 31.2 मिलीमीटर, शिकारीपाड़ा में 25.2 मिलीमीटर, बोकारो थर्मल में 23.2 मिलीमीटर और लातेहार में 12 मिलीमीटर बारिश हुई। इसके अलावा खूंटी में 5.5 मिलीमीटर और जामताड़ा में 4 मिलीमीटर वर्षा रिकॉर्ड की गई।

मौसम विभाग के अनुसार आने वाले दिनों में भी राज्य में प्री-मानसून गतिविधियां जारी रहने की संभावना है, जिससे तापमान में उतार-चढ़ाव बना रहेगा।

Read More News

भारतमाला परियोजना में दुलमी को बड़ी सौगात, कुल्ही में अंडरपास, सोंटाई में ऊपरी पुल और बरियातू में पैदल पुल को मंजूरी

भारतमाला परियोजना के तहत रामगढ़ जिले के दुलमी प्रखंड के लोगों को बड़ी राहत मिलने जा रही है। लंबे...

Read More