NEWS SAGA DESK
हजारीबाग। कटकमदाग थाना क्षेत्र के वार्ड नंबर 24 स्थित कूद मोहल्ले में दिनदहाड़े बड़ी चोरी की घटना सामने आई है। स्थानीय महिला मंडल की अध्यक्ष किरण देवी के घर से चोरों ने करीब 25 लाख रुपये के सोने-चांदी के जेवरात और 10 हजार रुपये नकद चोरी कर लिए। चोरी गए गहनों में उनकी नई-नवेली बहू को शादी में मिले कीमती जेवर भी शामिल हैं, जिनका अब तक उपयोग तक नहीं हुआ था। घटना शुक्रवार की है। जानकारी के अनुसार, किरण देवी महिला मंडल के कार्य से अपने मायके दूधमनिया गई हुई थीं और परिवार के अन्य सदस्य भी घर से बाहर थे। सुबह 9:30 से दोपहर 3:30 बजे तक घर पूरी तरह खाली रहा, इसी बीच चोरों ने अलमारी तोड़कर जेवरात और नकद लेकर फरार हो गए। रात में जब परिजन लौटे तो सामान बिखरा हुआ देखकर पूरे मामले का खुलासा हुआ। घटना की सूचना मिलने पर कटकमदाग थाना पुलिस शनिवार को मौके पर पहुंची। थाना प्रभारी प्रमोद कुमार राय ने बताया कि जांच टीम गठित कर दी गई है और मामले के शीघ्र खुलासे का प्रयास किया जा रहा है। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है ताकि आरोपियों की पहचान की जा सके। साथ ही मोहल्ले में संदिग्ध गतिविधियों की भी जांच की जा रही है। घर के मालिक तरुण सिंह मूल रूप से दूधमनिया गांव के रहने वाले हैं और खेतीबाड़ी करते हैं, जबकि उनकी पत्नी किरण देवी और बेटा पंकज सिंह हजारीबाग के वार्ड 24 में रहते हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि पिछले कुछ महीनों में शहर में चोरी की घटनाओं में तेजी से वृद्धि हुई है, जिससे सुरक्षा को लेकर लोगों में चिंता बढ़ गई है। पुलिस ने अज्ञात चोरों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
No Comment! Be the first one.