हॉकी इंडिया सीनियर महिला राष्ट्रीय चैम्पियनशिप के खिताबी मुकाबले में हरियाणा और झारखंड आमने-सामने

News Saga Desk

पंचकूला। हॉकी इंडिया सीनियर महिला राष्ट्रीय चैम्पियनशिप 2025 का बहुप्रतीक्षित फाइनल मुकाबला 12 मार्च को शाम पंचकूला के ताऊ देवी लाल हॉकी स्टेडियम में खेला जाएगा, जहां गत विजेता हॉकी हरियाणा की टीम हॉकी झारखंड से भिड़ेगी।

हरियाणा की शानदार फॉर्म, सेमीफाइनल में दिखाया दम

गत विजेता हॉकी हरियाणा ने टूर्नामेंट में अब तक शानदार प्रदर्शन किया है और चार मैचों में सिर्फ एक गोल ही गंवाया है। उन्होंने अपने अभियान की शुरुआत हॉकी कर्नाटक को 5-1 से हराकर की थी, इसके बाद हॉकी एसोसिएशन ऑफ ओडिशा पर 3-0 की जीत दर्ज की। क्वार्टर फाइनल में हॉकी पंजाब के खिलाफ 1-0 से करीबी जीत के बाद सेमीफाइनल में हरियाणा की टीम ने हॉकी मिजोरम को 4-0 से मात देकर फाइनल में जगह बनाई। कप्तान रानी अब तक टूर्नामेंट में तीन गोल कर चुकी हैं और टीम को खिताब बचाने के लिए प्रेरित कर रही हैं।

झारखंड की संघर्षपूर्ण राह, सेमीफाइनल में शूटआउट से फाइनल में पहुंची

हॉकी झारखंड ने भी दमदार शुरुआत की थी और पहले मुकाबले में हॉकी यूनिट ऑफ तमिलनाडु को 9-2 से हराकर धमाकेदार एंट्री की। इसके बाद उन्होंने हॉकी मिजोरम और हॉकी मध्य प्रदेश को 3-1 से हराया।

सेमीफाइनल में हॉकी महाराष्ट्र के खिलाफ संघर्षपूर्ण मुकाबले में कोई भी टीम निर्धारित समय तक गोल नहीं कर सकी। मैच शूटआउट में पहुंचा, जहां हॉकी झारखंड ने 3-2 से जीत दर्ज कर फाइनल में अपनी जगह पक्की की। इस जीत में गोलकीपर अंजलि भींजिया ने अहम भूमिका निभाई और महाराष्ट्र के तीन खिलाड़ियों के प्रयासों को नाकाम कर दिया। अलबेला रानी टोप्पो अब तक चार गोल कर चुकी हैं और फाइनल में अपनी गोल संख्या बढ़ाने के इरादे से उतरेंगी।

कोचों की प्रतिक्रिया

हॉकी हरियाणा के कोच आज़ाद मलिक ने कहा, “टूर्नामेंट की शुरुआत में कुछ चुनौतियां थीं, लेकिन टीम ने सेमीफाइनल में जबरदस्त खेल दिखाया। हमारा लक्ष्य आक्रामक हॉकी खेलना है और फाइनल में भी यही रणनीति रहेगी। झारखंड की टीम मजबूत है, लेकिन हम खिताब बरकरार रखने के लिए पूरी तरह तैयार हैं।”

हॉकी झारखंड के कोच सुधीर गोला ने कहा, “इस टूर्नामेंट में हमारी टीम ने जबरदस्त संघर्ष दिखाया है। हरियाणा एक मजबूत टीम है, लेकिन हमारे खिलाड़ी भी आत्मविश्वास से भरपूर हैं और खिताब जीतने के लिए अपना सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन देंगे।” अब देखना दिलचस्प होगा कि क्या हॉकी हरियाणा अपने खिताब का बचाव कर पाएगी या फिर हॉकी झारखंड पहली बार चैंपियन बनेगी।


सुप्रीम कोर्ट का बड़ा फैसला: एससी-एसटी एक्ट में धर्म परिवर्तन पर स्पष्ट निर्देश

नई दिल्ली: सुप्रीम कोर्ट ने एससी-एसटी एक्ट से जुड़े एक महत्वपूर्ण मामले में बड़ा फैसला सुनाया है।...

March 24, 2026

Read More News

Read More