NEWS SAGA DESK
लातेहार :- जिले के गारू थाना क्षेत्र अंतर्गत कोटाम मोड़ के पास श्रद्धालुओं से भरी एक सवारी गाड़ी दुर्घटनाग्रस्त हो गई। हादसे में 10 से अधिक लोग घायल हो गए, जिनमें कई की स्थिति गंभीर बताई जा रही है।
घटना शनिवार देर रात करीब 11 बजे की है। सभी घायल लातेहार थाना क्षेत्र के निवासी हैं। जानकारी के अनुसार श्रद्धालु एक सवारी वाहन रिजर्व कर टांगीनाथ धाम में पूजा-अर्चना करने गए थे। दर्शन के बाद लौटने के दौरान गारू थाना क्षेत्र के कोटाम मोड़ के समीप वाहन अनियंत्रित होकर दुर्घटनाग्रस्त हो गया।
हादसे में वाहन पर सवार लगभग सभी लोगों को चोटें आईं, जबकि 10 से अधिक लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों में बजरंग प्रसाद, रोहित कुमार, रंभा देवी, अनीता देवी, सोनी देवी सहित कुछ बच्चे भी शामिल हैं।
घटना की सूचना मिलते ही गारू पुलिस सक्रिय हुई। थाना प्रभारी जयप्रकाश शर्मा के निर्देश पर पुलिस टीम मौके पर पहुंची और राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया। सभी घायलों को उपचार के लिए लातेहार सदर अस्पताल पहुंचाया गया।
अस्पताल में प्राथमिक उपचार के बाद पांच गंभीर घायलों को बेहतर इलाज के लिए राजेंद्र आयुर्विज्ञान संस्थान (रिम्स) रेफर कर दिया गया।
थाना प्रभारी जयप्रकाश शर्मा ने बताया कि दुर्घटना के कारणों की जांच की जा रही है और मामले में आवश्यक कार्रवाई की जा रही है।
No Comment! Be the first one.