रांची टिटोस रेस्टोरेंट फायरिंग केस में पुलिस को मिली बड़ी कामयाबी, मुख्य शूटर सचिन यादव गिरफ्तार

News Saga Desk

राजधानी रांची के एयरपोर्ट थाना क्षेत्र स्थित टिटोस रेस्टोरेंट में हुई फायरिंग और हत्या के मामले में पुलिस को बड़ी सफलता मिली है, बता दें की इस वारदात को अंजाम देने वाले मुख्य शूटर को गिरफ्तार कर लिया गया है। आरोपी की पहचान सचिन यादव के रूप में हुई है, जो धनबाद जिले के पुटकी थाना क्षेत्र के करकेन्द बाजार का निवासी है।

पुलिस ने उसकी निशानदेही पर एक देशी कट्टा, तीन जिंदा कारतूस और घटना के समय पहना गया कपड़ा बरामद किया है। इस संबंध में सिटी एसपी पारस राणा ने मीडिया को जानकारी दी।

27 दिसंबर से मिल रही थी रंगदारी की धमकी

पुलिस के अनुसार, टिटोस रेस्टोरेंट के मालिक राजकुमार गोप और उनके सहयोगी पुष्कर महतो एवं पिंटु कच्छप को 27 दिसंबर से ही धमकियां मिल रही थीं। ये धमकियां संगठित आपराधिक गिरोह के सरगना प्रिंस खान की ओर से दी जा रही थीं।

गिरोह ने इंटरनेट कॉल और ऑडियो मैसेज के जरिए एक करोड़ रुपये की रंगदारी मांगी थी और रकम नहीं देने पर जान से मारने की धमकी दी थी।

रंगदारी नहीं देने पर की गई फायरिंग

पुलिस जांच में सामने आया कि रंगदारी की रकम नहीं मिलने पर गिरोह ने 7 मार्च को लोधमा स्थित टिटोस रेस्टोरेंट में फायरिंग करवाई। इस घटना में रेस्टोरेंट के एक कर्मचारी को गोली लग गई थी, जिसकी इलाज के दौरान मौत हो गई। घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल बन गया था।

एयरपोर्ट थाना में दर्ज हुआ केस, SIT का गठन

मामले में एयरपोर्ट थाना कांड संख्या 12/26 के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई थी। घटना की गंभीरता को देखते हुए एसएसपी ने विशेष जांच टीम (SIT) का गठन किया, जिसे पूरे मामले की जांच सौंपी गई।

चार आरोपी पहले ही हो चुके हैं गिरफ्तार

एसआईटी ने त्वरित कार्रवाई करते हुए इस मामले में शामिल चार आरोपियों को पहले ही गिरफ्तार कर जेल भेज दिया था। पूछताछ के दौरान इन आरोपियों ने खुलासा किया कि फायरिंग की घटना को अंजाम देने वाला मुख्य शूटर सचिन यादव था।

छापेमारी के बाद मुख्य शूटर गिरफ्तार

लगातार छापेमारी के बाद पुलिस ने आखिरकार सचिन यादव को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में उसने कई अहम जानकारियां दीं। उसकी निशानदेही पर घटना में इस्तेमाल हथियार और अन्य साक्ष्य बरामद किए गए हैं।

हथियार बरामदगी पर दर्ज हुआ अलग मामला

बरामद देशी कट्टा के संबंध में एयरपोर्ट थाना में कांड संख्या 15/26 के तहत एक अलग मामला दर्ज किया गया है। पुलिस अब यह जांच कर रही है कि आरोपी को हथियार कहां से मिला और इसके पीछे कौन लोग शामिल हैं।

आरोपी का आपराधिक इतिहास भी सामने आया

पुलिस के अनुसार, सचिन यादव का आपराधिक इतिहास रहा है। उसके खिलाफ धनबाद जिले के जोगता, राजगंज, बैंक मोड़ और पुटकी थाना में कुल आठ मामले दर्ज हैं, जिनमें कई गंभीर अपराध शामिल हैं।

गिरोह के नेटवर्क की जांच जारी

पुलिस अब प्रिंस खान गिरोह के नेटवर्क की गहराई से जांच कर रही है। यह पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि रांची में इस गिरोह का नेटवर्क कितना फैला हुआ है और इसमें किन-किन लोगों की संलिप्तता है।

Read More News

रांची टिटोस रेस्टोरेंट फायरिंग केस में पुलिस को मिली बड़ी कामयाबी, मुख्य शूटर सचिन यादव गिरफ्तार

राजधानी रांची के एयरपोर्ट थाना क्षेत्र स्थित टिटोस रेस्टोरेंट में हुई फायरिंग और हत्या के मामले में...

रांची में आज बिजली कटौती: कई इलाकों में 6 घंटे तक सप्लाई बाधित, जानिए टाइमिंग और प्रभावित क्षेत्र

रांची: शहर के विभिन्न क्षेत्रों में सोमवार को बिजली आपूर्ति बाधित रहेगी, बता दें की यह कटौती झारखंड...

निजी स्कूलों पर जिला प्रशासन का कड़ा रुख, बिना मान्यता चल रहे निजी स्कूलों को बंद करने की चेतावनी

जिला प्रशासन ने राँची के सभी गैर-मान्यता प्राप्त निजी और गैर-सरकारी विद्यालयों के खिलाफ सख्त रुख...

Read More