हार्दिक पांड्या नई चोट के कारण ऑस्ट्रेलिया-A के खिलाफ इंडिया-A की वनडे सीरीज से बाहर हो गए हैं। सूर्यांश शेड्गे ने उनकी जगह ली, अनुकूल रॉय को भी मौका मिला।
News Saga Desk
नई दिल्ली: भारतीय ऑलराउंडर हार्दिक पांड्या की चोट ने एक बार फिर उनकी वापसी की राह मुश्किल कर दी है। लंबे समय से चोट से जूझ रहे पांड्या को ऑस्ट्रेलिया-A के खिलाफ 6 अक्टूबर से शुरू होने वाली वनडे सीरीज के लिए इंडिया-A टीम में शामिल किया गया था। हालांकि, अब नई चोट के कारण उन्हें टीम से बाहर कर दिया गया है।
पांड्या को इंडिया-A टीम में उनकी फिटनेस को ध्यान में रखते हुए जगह दी गई थी। टीम की घोषणा के समय बीसीसीआई ने स्पष्ट किया था कि उनका सीरीज में खेलना उनकी फिटनेस पर निर्भर करेगा। अब रिपोर्ट्स के मुताबिक, नई चोट के कारण पांड्या ऑस्ट्रेलिया-A के खिलाफ वनडे मुकाबलों में हिस्सा नहीं ले पाएंगे।
सूर्यांश शेड्गे ने पांड्या को किया रिप्लेस
रिपोर्ट के अनुसार, सूर्यांश शेड्गे को हार्दिक पांड्या की जगह इंडिया-A टीम में शामिल किया गया है। ऑस्ट्रेलिया-A के खिलाफ वनडे सीरीज पुडुचेरी में खेली जानी है। यह सीरीज पांड्या के लिए फिटनेस के लिहाज से काफी अहम मानी जा रही थी। खासकर वनडे क्रिकेट में उनके 10 ओवर गेंदबाजी करने की क्षमता को परखना टीम मैनेजमेंट के लिए महत्वपूर्ण था।
भारत को आगे न्यूजीलैंड दौरे पर वनडे सीरीज खेलनी है। इसके अलावा अगले साल होने वाले वनडे वर्ल्ड कप को देखते हुए भी पांड्या की फिटनेस पर लगातार नजर बनी हुई है।
चैंपियंस ट्रॉफी फाइनल के बाद नहीं खेला वनडे
हार्दिक पांड्या ने पिछले साल चैंपियंस ट्रॉफी के फाइनल के बाद से वनडे क्रिकेट नहीं खेला है। ऐसे में वनडे टीम में उनकी वापसी को लेकर यह सीरीज महत्वपूर्ण मानी जा रही थी।
पांड्या सीमित ओवरों में भारत के प्रमुख ऑलराउंडरों में शामिल रहे हैं। ऐसे में उनकी फिटनेस टीम इंडिया के लिए अहम है। हालांकि, नई चोट के कारण एक बार फिर उनकी वापसी पर ब्रेक लग गया है।
अब पांड्या के पास वनडे प्रारूप में अपनी फिटनेस साबित करने के मौके सीमित रह गए हैं। टीम इंडिया के आगामी कार्यक्रम और अगले साल होने वाले वनडे वर्ल्ड कप को देखते हुए उनकी फिटनेस पर चयनकर्ताओं की नजर बनी रहेगी।
अनुकूल रॉय को भी मिला मौका
इंडिया-A टीम में एक और बदलाव किया गया है। वेस्टइंडीज के खिलाफ शुरू होने वाली टी20 सीरीज से वॉशिंगटन सुंदर ने अपना नाम वापस ले लिया है। उनकी जगह नमन धीर को शामिल किया गया है।
नमन धीर को पहले इंडिया-A टीम में भी चुना गया था, लेकिन अब उनकी जगह झारखंड के स्पिनर अनुकूल रॉय को इंडिया-A टीम में मौका दिया गया है।
इस तरह ऑस्ट्रेलिया-A के खिलाफ सीरीज से पहले इंडिया-A टीम में दो अहम बदलाव हुए हैं। हार्दिक पांड्या की जगह सूर्यांश शेड्गे और नमन धीर की जगह अनुकूल रॉय को टीम में शामिल किया गया है।
No Comment! Be the first one.