झारखंड में 10 हजार करोड़ के ट्रेजरी घोटाले को दबाने की कोशिश : भाजपा

News Saga Desk

राजधानी रांची स्थित प्रदेश भाजपा कार्यालय में पार्टी के प्रदेश प्रवक्ता प्रतुल शाहदेव ने प्रेस कॉन्फ्रेंस कर राज्य सरकार पर बड़ा हमला बोला। संवाददाता सम्मेलन का मुख्य मुद्दा ट्रेजरी घोटाला रहा। भाजपा ने आरोप लगाया कि झारखंड में लगभग 10 हजार करोड़ रुपये के ट्रेजरी घोटाले को राज्य सरकार दबाने का प्रयास कर रही है।

एसआईटी गठन और टीम सदस्यों पर उठाए सवाल

प्रेस वार्ता को संबोधित करते हुए प्रतुल शाहदेव ने ट्रेजरी घोटाले की जांच के लिए गठित एसआईटी (SIT) और उसके सदस्यों की निष्पक्षता पर सवाल खड़े किए। उन्होंने कहा कि जांच टीम में ऐसे अधिकारियों को शामिल किया गया है जो पहले हजारीबाग और बोकारो में पदस्थापित रह चुके हैं और खुद संदेह के घेरे में हैं।

उन्होंने आरोप लगाया कि जिन अधिकारियों की भूमिका संदिग्ध मानी जा रही है, उन्हीं से जुड़े लोगों को जांच प्रक्रिया में शामिल किया जा रहा है, जिससे निष्पक्ष जांच पर सवाल उठ रहे हैं।

तबादला नीति पर भी भाजपा का हमला

भाजपा प्रवक्ता ने कहा कि राज्य सरकार द्वारा जारी पत्र में केवल उन क्लर्क और किरानियों के तबादले की बात कही गई है जो पिछले तीन वर्षों से एक ही जगह पर जमे हुए हैं। उन्होंने सवाल उठाया कि इतने बड़े घोटाले में केवल निचले स्तर के कर्मचारियों को निशाना क्यों बनाया जा रहा है।

प्रतुल शाहदेव ने कहा कि इस पूरे मामले में डीडीओ (DDO) स्तर के अधिकारियों की भूमिका भी संदिग्ध है। बावजूद इसके डीएसपी, एसपी और अन्य वरिष्ठ अधिकारियों को तबादले से मुक्त रखा गया है।

8 मई से शुरू होगी जांच

भाजपा प्रवक्ता ने बताया कि उत्पाद सचिव के नेतृत्व में गठित एसआईटी आगामी 8 मई से जांच शुरू करेगी। हालांकि उन्होंने इस जांच प्रक्रिया की निष्पक्षता पर सवाल उठाते हुए कहा कि सरकार केवल औपचारिकता निभाने का प्रयास कर रही है।

पैन नंबर और जॉइनिंग डेट में छेड़छाड़ का आरोप

प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान प्रतुल शाहदेव ने दावा किया कि ट्रेजरी घोटाले में कई चौंकाने वाले मामले सामने आए हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि दो हजार से अधिक कर्मचारियों के पैन नंबर में गड़बड़ी की गई है, जबकि पांच से अधिक कर्मचारियों की जॉइनिंग डेट से जुड़े रिकॉर्ड में भी छेड़छाड़ हुई है। उन्होंने कहा कि यह मामला बेहद गंभीर है और इसमें बड़े स्तर पर वित्तीय अनियमितताओं की आशंका है।

बोकारो स्ट्रांग रूम में रखे 14 किलो सोने की जांच की मांग

भाजपा ने राज्य सरकार से मांग की कि बोकारो स्ट्रांग रूम में रखे लगभग 14 किलो सोने की भी जांच कराई जाए। प्रतुल शाहदेव ने कहा कि इस पूरे मामले की व्यापक और निष्पक्ष जांच जरूरी है ताकि सच्चाई जनता के सामने आ सके।

सीबीआई और ईडी जांच की मांग दोहराई

प्रदेश भाजपा प्रवक्ता ने एक बार फिर मांग करते हुए कहा कि इतने बड़े ट्रेजरी घोटाले की जांच केवल सीबीआई और ईडी जैसी केंद्रीय एजेंसियों से ही कराई जानी चाहिए। उन्होंने आरोप लगाया कि राज्य सरकार मामले को दबाने और दोषियों को बचाने का प्रयास कर रही है।

Read More News

Read More