जमशेदपुर ट्रिपल मर्डर: रिटायरमेंट के डर ने उजाड़ दिया पूरा परिवार, बेटे के सामने फूट-फूटकर रोया आरोपी पिता

Jamshedpur के सिदगोड़ा थाना क्षेत्र स्थित एग्रीको क्वार्टर नंबर एल5/13 में सोमवार को हुए तिहरे हत्याकांड ने पूरे शहर को झकझोर कर रख दिया। एक ही परिवार के तीन लोगों की हत्या के बाद इलाके में मातम पसरा हुआ है। आरोपी पिता रवींद्र सिंह ने अपनी पत्नी, बेटी और बेटे की हत्या करने के बाद खुद आत्महत्या की भी कोशिश की, लेकिन वह बच गया। घटना के बाद से हर कोई यही सवाल पूछ रहा है कि आखिर एक खुशहाल दिखने वाला परिवार इतनी दर्दनाक त्रासदी का शिकार कैसे हो गया।

बेटे से मिलते ही रो पड़ा आरोपी पिता

मंगलवार को मामले में उस वक्त भावुक मोड़ आ गया, जब आरोपी रवींद्र सिंह का बड़ा बेटा अभिषेक रायपुर से सिदगोड़ा थाना पहुंचा। पुलिस हिरासत में पिता और बेटे की मुलाकात ने वहां मौजूद लोगों को भावुक कर दिया। बताया जा रहा है कि बेटे को देखते ही रवींद्र सिंह फूट-फूटकर रोने लगा। उसने हाथ जोड़कर बेटे से कहा कि उससे बहुत बड़ी गलती हो गई है और अब वह वापस लौट जाए। पिता की हालत और पूरे परिवार के उजड़ने का दर्द देखकर बेटा भी खुद को संभाल नहीं सका।

रिटायरमेंट और भविष्य की चिंता बनी हत्या की वजह

पुलिस पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वह लंबे समय से मानसिक तनाव और डिप्रेशन से जूझ रहा था। रिटायरमेंट के बाद परिवार का भविष्य, बच्चों की शादी, घर बनाने और बढ़ती महंगाई को लेकर वह लगातार तनाव में था। रवींद्र सिंह ने पुलिस को बताया कि सोमवार सुबह करीब 5 बजे उसके मन में यह डर बैठ गया कि अगर किसी बीमारी या हादसे में उसकी मौत हो गई तो परिवार का क्या होगा। इसी डर और मानसिक तनाव में उसने पूरा परिवार खत्म करने का फैसला कर लिया।

सुबह 5 बजे शुरू हुआ मौत का खूनी खेल

पुलिस के अनुसार, सोमवार सुबह आरोपी ने सबसे पहले किचन में मौजूद अपनी पत्नी सरिता सिंह पर हमला किया और उनकी हत्या कर दी। इसके बाद वह बेडरूम में पहुंचा, जहां उसकी बेटी सुप्रिया और छोटा बेटा रविषेक सो रहे थे। आरोपी ने दोनों बच्चों की भी हत्या कर दी। वारदात को अंजाम देने के बाद जब उसने परिवार के सदस्यों के शव देखे तो उसे अपनी गलती का अहसास हुआ। इसके बाद उसने खुद भी आत्महत्या की कोशिश की, लेकिन वह सफल नहीं हो सका।

पोस्टमार्टम के लिए भेजे गए शव, आरोपी जाएगा जेल

घटना की सूचना मिलते ही परिवार के रिश्तेदार और शुभचिंतक Jamshedpur पहुंचने लगे। मंगलवार को एमजीएम मेडिकल कॉलेज में तीनों शवों का पोस्टमार्टम कराया गया। एक साथ तीन अर्थियां उठने की खबर से परिवार में कोहराम मचा हुआ है। पुलिस ने बताया कि आरोपी ने अपना जुर्म कबूल कर लिया है और कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद उसे न्यायिक हिरासत में जेल भेजा जाएगा।

Read More News

जमशेदपुर ट्रिपल मर्डर: रिटायरमेंट के डर ने उजाड़ दिया पूरा परिवार, बेटे के सामने फूट-फूटकर रोया आरोपी पिता

एक ही परिवार के तीन लोगों की हत्या के बाद इलाके में मातम पसरा हुआ है। आरोपी पिता रवींद्र सिंह ने...

Read More