News Saga Desk
झारखंड में मौसम ने अचानक करवट लेते हुए मंगलवार को जमकर तबाही मचाई। राजधानी रांची समेत कई जिलों में तेज आंधी, बारिश और तूफान के कारण जनजीवन अस्त-व्यस्त हो गया। मौसम विभाग की चेतावनी के बीच हुई तेज बारिश का असर रांची में भी अच्छा खासा देखने को मिला।
राज्य के सबसे बड़े सरकारी अस्पताल रिम्स में बारिश के बाद जलजमाव की गंभीर स्थिति उत्पन्न हो गई। अस्पताल के एडमिनिस्ट्रेटिव ऑफिस, हेपेटाइटिस सेंटर समेत कई वार्डों और कॉरिडोर में पानी भर गया। कई जगहों पर बारिश का पानी वार्डों के अंदर तक पहुंच गया, जिससे मरीजों, उनके परिजनों और स्वास्थ्यकर्मियों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ा।
हेपेटाइटिस विभाग के कॉरिडोर, ऑर्थो वार्ड और प्रसव कक्ष की ओर जाने वाले रास्तों पर पानी जमा हो गया। फर्श पर फैले पानी के कारण मरीजों की आवाजाही प्रभावित रही। अस्पताल परिसर में जलनिकासी की व्यवस्था पर भी सवाल खड़े होने लगे हैं।
इधर, तेज आंधी का असर रातू रोड एलिवेटेड कॉरिडोर परियोजना पर भी देखने को मिला। आंधी के दौरान एलिवेटेड कॉरिडोर पर लगाए गए करीब 25 साउंड बैरियर उड़कर सड़क पर आ गिरे, जबकि दूसरी ओर कई बैरियर क्षतिग्रस्त हो गए। घटना के बाद कुछ देर के लिए सड़क पर अफरा-तफरी की स्थिति बन गई। बाद में निर्माण कंपनी के कर्मचारियों ने बैरियर हटाकर सड़क किनारे रखे और मरम्मत का काम शुरू किया।
निर्माण कंपनी के अधिकारियों के अनुसार, साउंड बैरियर एक सीमित दबाव तक ही तेज हवा सहने में सक्षम होते हैं, लेकिन मंगलवार को चली तेज आंधी सामान्य से कहीं अधिक शक्तिशाली थी।
वहीं पिस्का मोड़ इलाके में भी आंधी का असर देखने को मिला, जहां एक निजी भवन की छत पर लगाया गया बड़ा होर्डिंग स्ट्रक्चर उखड़ गया। राहत की बात यह रही कि स्ट्रक्चर सड़क पर गिरने के बजाय वहीं अटका रह गया, जिससे बड़ा हादसा टल गया।
इसके अलावा कांके रोड और खेलगांव चौक क्षेत्र में भी होर्डिंग गिरने की घटनाएं सामने आई हैं। मामले को गंभीरता से लेते हुए रांची नगर निगम ने जांच के आदेश दिए हैं। नगर आयुक्त ने संबंधित विज्ञापन एजेंसियों को शो-कॉज नोटिस जारी करने और सभी बड़े होर्डिंग की स्ट्रक्चरल सेफ्टी जांच कराने का निर्देश दिया है।
मौसम विभाग ने अगले 24 घंटों के दौरान भी झारखंड के कई हिस्सों में तेज हवा, गरज के साथ बारिश और वज्रपात की संभावना जताई है। प्रशासन ने लोगों से खराब मौसम के दौरान सावधानी बरतने और खुले स्थानों में नहीं रुकने की अपील की है।
No Comment! Be the first one.