News Saga Desk
राजधानी रांची में भारतीय जनता पार्टी की प्रदेश पदाधिकारियों की बैठक प्रदेश अध्यक्ष आदित्य साहू की अध्यक्षता में आयोजित की गई। बैठक में नेता प्रतिपक्ष बाबूलाल मरांडी, क्षेत्रीय संगठन महामंत्री नागेंद्र नाथ त्रिपाठी, संगठन महामंत्री कर्मवीर सिंह समेत कई प्रदेश पदाधिकारी मौजूद रहे।
बैठक के बाद भाजपा के वरिष्ठ नेता गणेश मिश्रा ने संवाददाता सम्मेलन को संबोधित करते हुए पार्टी के आगामी कार्यक्रमों और रणनीतियों की जानकारी दी। उन्होंने कहा कि देश के अन्य राज्यों की तरह झारखंड में भी एसआईआर (स्पेशल इंटेंसिव रिवीजन) प्रक्रिया शुरू होने जा रही है। निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार भाजपा ने जिला निर्वाचन कार्यालय में बीएलए-2 कार्यकर्ताओं के नाम और फोटो जमा करने का कार्य पूरा कर लिया है।

उन्होंने बताया कि बीएलए-1 कार्यकर्ताओं का प्रशिक्षण 16 से 20 मई तक आयोजित किया जाएगा। भाजपा का मानना है कि राज्य में एसआईआर प्रक्रिया पूरी पारदर्शिता और सही तरीके से होनी चाहिए, ताकि ऐसे मतदाताओं के नाम सूची से हटाए जा सकें जो भारत के नागरिक नहीं हैं, जिनकी मृत्यु हो चुकी है या जिनका पता बदल चुका है। गणेश मिश्रा ने कहा कि लोकतंत्र के लिए शुद्ध मतदाता सूची बेहद जरूरी है।
इसके अलावा भाजपा ने हाल के दिनों में हुई ओलावृष्टि और भारी बारिश से प्रभावित किसानों की समस्याओं को प्रमुखता से उठाने का निर्णय लिया है। गणेश मिश्रा ने कहा कि राज्य सरकार ने चुनाव के दौरान किसानों को धान का न्यूनतम समर्थन मूल्य 3200 रुपये प्रति क्विंटल देने का वादा किया था, लेकिन किसानों को इसका लाभ नहीं मिल रहा है।
उन्होंने कहा कि आने वाले दिनों में किसानों की समस्याओं और स्थानीय मुद्दों को लेकर भाजपा प्रखंड कार्यालयों के समक्ष धरना-प्रदर्शन करेगी।
No Comment! Be the first one.