News Saga Desk
रांची | नीट परीक्षा पेपर लीक मामले को लेकर झारखंड मुक्ति मोर्चा कार्यकर्ताओं ने आज रांची के अल्बर्ट एक्का चौक के पास केंद्र सरकार के खिलाफ जोरदार प्रदर्शन किया और पुतला दहन किया। इस दौरान बड़ी संख्या में जेएमएम नेता और कार्यकर्ता मौजूद रहे।
प्रदर्शन के दौरान जेएमएम नेताओं ने केंद्र सरकार पर छात्रों के भविष्य के साथ खिलवाड़ करने का आरोप लगाया। नेताओं ने कहा कि पेपर लीक जैसी घटनाओं से सबसे ज्यादा नुकसान छात्रों का हो रहा है। उन्होंने कहा कि इसमें सरकार का पैसा नहीं बल्कि छात्रों की मेहनत और उनका भविष्य बर्बाद हो रहा है।
जेएमएम नेताओं ने कहा कि छात्र दिन-रात मेहनत कर नीट जैसी कठिन परीक्षा की तैयारी करते हैं। कई छात्र सिर्फ चार घंटे की नींद लेकर पढ़ाई करते हैं और डॉक्टर बनने का सपना देखते हैं, लेकिन पेपर लीक की घटनाओं से उनका मनोबल टूट रहा है।
उन्होंने केंद्र सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि सरकार केवल सत्ता की राजनीति में व्यस्त है, जबकि छात्रों के भविष्य की चिंता नहीं की जा रही। नेताओं ने कहा कि किसी को भी छात्रों का जीवन और करियर बर्बाद करने का अधिकार नहीं है। उन्होंने नीट परीक्षा में पारदर्शिता सुनिश्चित करने और दोषियों पर कड़ी कार्रवाई की मांग की।
No Comment! Be the first one.