गिरिडीह में CBI की बड़ी कार्रवाई CGST कमिश्नर और इंस्पेक्टर 50 हजार रिश्वत लेते गिरफ्तार

News Saga Desk

झारखंड के गिरिडीह में केंद्रीय अन्वेषण ब्यूरो यानी CBI ने भ्रष्टाचार के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए सीजीएसटी विभाग के एक कमिश्नर और एक इंस्पेक्टर को कथित तौर पर 50 हजार रुपये की रिश्वत लेते रंगेहाथ गिरफ्तार किया है। कार्रवाई के बाद झारखंड के जमशेदपुर और बिहार के नालंदा स्थित आरोपियों के ठिकानों पर भी एक साथ छापेमारी की गई।

गिरफ्तार अधिकारियों में सीजीएसटी कमिश्नर बुद्धेश्वर सुंडी और जीएसटी इंस्पेक्टर बिरजू कुमार शामिल हैं। सीबीआई की धनबाद टीम ने बुधवार को गिरिडीह स्थित जीएसटी कार्यालय में ट्रैप बिछाकर दोनों को पकड़ा।

जीएसटी बिल मामले में मांगी गई थी रिश्वत

जानकारी के मुताबिक मामला गिरिडीह जिले के बिरनी प्रखंड के खाती गांव निवासी राजू अंसारी से जुड़ा है, जो सरकारी योजनाओं में ईंट, बालू और गिट्टी सप्लाई का काम करते हैं।

आरोप है कि जीएसटी बिल और इनवॉइस से जुड़े मामले में राहत देने के नाम पर अधिकारियों ने रिश्वत की मांग की थी। शुरुआत में 90 हजार रुपये मांगे गए थे, लेकिन बाद में सौदा 65 हजार रुपये में तय हुआ। इसकी पहली किस्त के तौर पर 50 हजार रुपये दिए जाने थे।

शिकायत के बाद CBI ने बिछाया ट्रैप

पीड़ित ने मामले की जानकारी भाकपा-माले नेता राजेश सिन्हा को दी, जिसके बाद सीबीआई को शिकायत सौंपी गई। शिकायत मिलते ही सीबीआई की विशेष टीम ने योजना बनाकर गिरिडीह जीएसटी कार्यालय में ट्रैप बिछाया। जैसे ही रिश्वत की रकम इंस्पेक्टर को सौंपी गई, सीबीआई टीम ने तुरंत कार्रवाई करते हुए दोनों अधिकारियों को गिरफ्तार कर लिया।

जमशेदपुर और नालंदा में भी छापेमारी

कार्रवाई के बाद सीबीआई ने गिरिडीह जीएसटी कार्यालय में कई घंटों तक सर्च ऑपरेशन चलाया। इस दौरान महत्वपूर्ण दस्तावेज, कंप्यूटर और अन्य रिकॉर्ड की जांच की गई। जांच को आगे बढ़ाते हुए सीबीआई की अलग-अलग टीमों ने झारखंड के Jamshedpur और बिहार के Nalanda स्थित आरोपियों के ठिकानों पर भी छापेमारी की। फिलहाल बरामदगी को लेकर आधिकारिक जानकारी सामने नहीं आई है। दोनों अधिकारियों को आगे की पूछताछ के लिए धनबाद ले जाया गया है। मामले में अन्य लोगों की संलिप्तता की भी जांच की जा रही है।

Read More News

Read More