News Saga Desk
आईपीएल 2026 के क्वालीफायर-2 में गुजरात टाइटंस ने राजस्थान रॉयल्स को 7 विकेट से हराकर फाइनल में जगह पक्की कर ली है। राजस्थान के युवा बल्लेबाज वैभव सूर्यवंशी की शानदार 96 रन की पारी टीम को जीत नहीं दिला सकी।
टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करते हुए राजस्थान रॉयल्स ने 20 ओवर में 214 रन का विशाल स्कोर खड़ा किया। टीम के लिए वैभव सूर्यवंशी ने 47 गेंदों पर 96 रनों की विस्फोटक पारी खेली। वह शतक से महज 4 रन दूर रह गए। उनके अलावा रवींद्र जडेजा ने 35 गेंदों पर 45 रन बनाए, जबकि डोनोवन फरेरा ने अंतिम ओवरों में तूफानी बल्लेबाजी करते हुए 11 गेंदों पर 38 रन जड़ दिए। फरेरा ने आखिरी ओवर में 27 रन बटोरकर टीम का स्कोर 200 के पार पहुंचाया।
215 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी गुजरात टाइटंस ने शुरुआत से ही मैच पर पकड़ बना ली। सलामी बल्लेबाजों ने पहले विकेट के लिए 12.5 ओवर में 167 रनों की शानदार साझेदारी कर राजस्थान की उम्मीदों पर पानी फेर दिया।
साई सुदर्शन ने 32 गेंदों पर 58 रन बनाए, जबकि कप्तान शुभमन गिल ने कप्तानी पारी खेलते हुए 53 गेंदों पर 104 रन की शानदार शतकीय पारी खेली। गिल की इस यादगार पारी की बदौलत गुजरात ने 8 गेंद शेष रहते लक्ष्य हासिल कर लिया और फाइनल का टिकट कटाया।
अब फाइनल में RCB से भिड़ेगी गुजरात
आईपीएल 2026 का फाइनल अब रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (RCB) और गुजरात टाइटंस (GT) के बीच खेला जाएगा। इससे पहले क्वालीफायर-1 में आरसीबी ने गुजरात को 92 रन से हराकर सीधे फाइनल में प्रवेश किया था। हालांकि गुजरात ने शानदार वापसी करते हुए क्वालीफायर-2 में राजस्थान को हराकर एक बार फिर फाइनल में जगह बना ली है।
दूसरी बार चैंपियन बनने का दोनों टीमों को इंतजार
आपको बता दें कि फाइनल मुकाबले में दोनों टीम्स दूसरी बार चैंपियन बनने के लिए जी जान से मेहनत करेंगी। गुजरात टाइटन अपने डेब्यू के साल यानि कि 2022 में पहली बार हार्दिक पंड्या की कप्तानी में चैंपियन बानी थी। वहीं RCB ने 2025 में यानि कि पिछले सीजन ट्रॉफी अपने नाम किया था। इस बार फाइनल मुकाबला और रोमांचक होने वाला है क्यूंकि दोनों टीम्स दूसरी बार जीत का सेहरा अपने सर सजाने के लिए तैयार है।
अब दोनों टीमों के बीच खिताबी मुकाबला 31 मई को अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में खेला जाएगा। क्रिकेट प्रशंसकों को एक रोमांचक और हाई-वोल्टेज फाइनल मुकाबले का इंतजार है, जहां आईपीएल 2026 के नए चैंपियन का फैसला होगा
No Comment! Be the first one.