NEWS SAGA DESK
उत्तर प्रदेश के बाराबंकी जिले के हैदरगढ़ कोतवाली क्षेत्र में गुरुवार देर रात हुए भीषण सड़क हादसे ने इलाके को दहला दिया। सतरही रेलवे क्रॉसिंग के पास ईंट लदे ट्रक और मोरंग से भरे डंपर की आमने-सामने जोरदार भिड़ंत हो गई। टक्कर के बाद दोनों वाहनों में भीषण आग लग गई और देखते ही देखते दोनों आग के गोले में तब्दील हो गए।
हादसे में ट्रक चालक धर्मेंद्र पाल (32) की केबिन में फंसकर जिंदा जलने से मौत हो गई, जबकि दोनों वाहनों के क्लीनर कूदकर अपनी जान बचाने में सफल रहे।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार टक्कर इतनी तेज थी कि दोनों वाहनों के अगले हिस्से पूरी तरह चकनाचूर हो गए। भिड़ंत के साथ तेज धमाका हुआ और कुछ ही मिनटों में आग ने दोनों वाहनों को अपनी चपेट में ले लिया। घटना के बाद हाईवे पर अफरा-तफरी मच गई।
पुलिस के मुताबिक रात करीब 11 बजे ट्रक संख्या यूपी 32 केएन 5175 ईंट लादकर अहमदपुर, बाराबंकी से महोबा जा रहा था। वहीं डंपर संख्या यूपी 71 बीटी 8006 बांदा से मोरंग लेकर बाराबंकी की ओर आ रहा था। सतरही के पास दोनों वाहनों की आमने-सामने टक्कर हो गई।
मृतक चालक की पहचान धर्मेंद्र पाल पुत्र रामशरण निवासी मंसूर पुरवा, थाना असंद्रा, बाराबंकी के रूप में हुई है। आग की लपटें इतनी तेज थीं कि वह केबिन से बाहर नहीं निकल सका। वहीं डंपर का क्लीनर रोशन सिंह निवासी उमगरा, थाना ठठिया, कन्नौज और ट्रक का क्लीनर रामनरेश रावत निवासी टेण्वां, थाना कोठी, बाराबंकी समय रहते बाहर कूद गए।
सूचना मिलते ही Uttar Pradesh Police और फायर ब्रिगेड की कई गाड़ियां मौके पर पहुंचीं। दमकल कर्मियों ने घंटों की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया, लेकिन तब तक दोनों वाहनों के इंजन पूरी तरह जल चुके थे।
हादसे के कारण हैदरगढ़-भिटरिया मार्ग पर लंबा जाम लग गया। बाद में क्रेन की मदद से क्षतिग्रस्त वाहनों को हटाकर यातायात बहाल कराया गया। थाना प्रभारी अनिल कुमार पांडे ने बताया कि शव को कब्जे में लेकर पंचनामा की कार्रवाई शुरू कर दी गई है। पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है।
No Comment! Be the first one.