नौशीन के सात गोल, भारत ने सिंगापुर को 25-0 से रौंदा, महिला अंडर-18 एशिया कप के सेमीफाइनल में पहुंची टीम

NEWS SAGA DESK

भारतीय महिला अंडर-18 हॉकी टीम ने महिला अंडर-18 एशिया कप 2026 में अपने अंतिम पूल-ए मुकाबले में सिंगापुर को 25-0 से हराकर शानदार जीत दर्ज की। जापान के काकामिगाहारा में खेले गए इस मुकाबले के साथ भारत ने ग्रुप चरण का समापन लगातार तीन जीत के साथ किया और सेमीफाइनल में अपनी जगह पक्की कर ली।

भारतीय टीम की ओर से नौशीन नाज़ ने सर्वाधिक सात गोल दागे। उन्होंने मैच के 8वें, 13वें, 17वें, 18वें, 40वें, 52वें और 58वें मिनट में गोल कर सिंगापुर की रक्षा पंक्ति को पूरी तरह ध्वस्त कर दिया।

मैच की ‘प्लेयर ऑफ द मैच’ रहीं गीताश्री नम्मी ने पांच गोल किए। उन्होंने 13वें, 28वें, 47वें, 48वें और 60वें मिनट में गोल दागे। टीम की कप्तान स्वीटी कुजूर ने भी चार गोल कर जीत में अहम योगदान दिया। उनके गोल दूसरे, 24वें, 38वें और 45वें मिनट में आए।

इसके अलावा प्रियंका मिंज ने हैट्रिक लगाई। वहीं दीया, नैन्सी सरोहा, श्रुति कुमारी, पुष्पा मांझी, रश्मीन कौर और संदीपा कुमारी ने भी गोल कर भारत की जीत को ऐतिहासिक बना दिया।

भारतीय टीम ने मैच की शुरुआत से ही आक्रामक रुख अपनाया। दूसरे ही मिनट में कप्तान स्वीटी कुजूर ने गोल कर टीम का खाता खोला। इसके बाद नौशीन और गीताश्री के लगातार हमलों के सामने सिंगापुर की टीम पूरी तरह बेबस नजर आई। हाफ टाइम तक भारत ने बड़ी बढ़त बना ली थी।

तीसरे और चौथे क्वार्टर में भी भारतीय खिलाड़ियों का दबदबा जारी रहा और गोलों की झड़ी लगाते हुए टीम ने 25-0 की रिकॉर्ड जीत दर्ज की।

भारत ने इससे पहले मलेशिया, दक्षिण कोरिया और सिंगापुर को हराकर नौ अंकों के साथ पूल-ए में शीर्ष स्थान हासिल किया। अब भारतीय टीम के सेमीफाइनल प्रतिद्वंद्वी का फैसला पूल-बी के मुकाबलों के बाद होगा।

Read More News

भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन के झारखंड दौरे की तैयारियां तेज, प्रदेश कार्यालय में हुई समीक्षा बैठक

भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन के छह और सात जून को प्रस्तावित दो दिवसीय झारखंड...

Read More