NEWS SAGA DESK
हैदराबाद : फिल्म ‘धुरंधर’ और ‘धुरंधर: द रिवेंज’ की सफलता को लेकर मुकेश अंबानी ने जियो स्टूडियोज की उपलब्धियों की सराहना की है। उन्होंने कहा कि इस फ्रेंचाइजी ने बॉक्स ऑफिस प्रदर्शन, रिलीज रणनीति और वैश्विक दर्शकों तक पहुंच के मामले में नए कीर्तिमान स्थापित किए हैं।
रिलायंस इंडस्ट्रीज के शेयरधारकों को लिखे पत्र में मुकेश अंबानी ने कहा कि जियो स्टूडियोज ने लगातार तीन वर्षों तक सबसे अधिक कमाई करने वाली फिल्में देने का गौरव हासिल किया है। उनके अनुसार वर्ष 2024 में स्त्री 2, 2025 में धुरंधर और 2026 में धुरंधर: द रिवेंज ने यह उपलब्धि हासिल की, जो कंपनी के निरंतर नेतृत्व को दर्शाती है।
उन्होंने कहा कि वित्त वर्ष 2025-26 में जियो स्टूडियोज ने रिकॉर्ड तोड़ स्पाई एक्शन थ्रिलर फिल्मों ‘धुरंधर’ और ‘धुरंधर: द रिवेंज’ के जरिए बॉक्स ऑफिस प्रदर्शन, कमाई के मॉडल और वैश्विक दर्शकों से जुड़ाव के नए मानक स्थापित किए।
अंबानी ने दावा किया कि विश्व सिनेमा में इससे पहले किसी फिल्म फ्रेंचाइजी की योजना, वित्तपोषण और शूटिंग दो भागों में एक साथ नहीं की गई थी और न ही उन्हें इतने कम अंतराल में रिलीज किया गया था।
उन्होंने कहा कि ‘धुरंधर’ ने अपने आप में कई रिकॉर्ड बनाए और लंबे समय तक सिनेमाघरों में सफलतापूर्वक चली। इसके बाद आई ‘धुरंधर: द रिवेंज’ ने पहले भाग के कई रिकॉर्ड पीछे छोड़ दिए।
फिल्म फ्रेंचाइजी में मुख्य भूमिका निभाने वाले रणवीर सिंह भी इन दिनों चर्चा में हैं। इसी बीच मुकेश अंबानी की यह टिप्पणी फिल्म की सफलता को लेकर विशेष महत्व रखती है।
मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, ‘धुरंधर’ फ्रेंचाइजी का कुल बजट करीब 350 करोड़ रुपये था। पहली फिल्म ने वैश्विक बॉक्स ऑफिस पर लगभग 1307 करोड़ रुपये की कमाई की, जबकि दूसरी फिल्म ने 1800 करोड़ रुपये से अधिक का कारोबार किया। दोनों फिल्मों की संयुक्त कमाई 3100 करोड़ रुपये से अधिक बताई जा रही है, जिससे यह भारतीय सिनेमा की सबसे सफल फ्रेंचाइजियों में शामिल हो गई है।
No Comment! Be the first one.