NEWS SAGA DESK
अमेठी : बाजार शुकुल थाना क्षेत्र के एक गांव में शुक्रवार को एक विवाहिता की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। उसका शव घर के कमरे में फांसी के फंदे से लटका मिला। घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई।
थाना प्रभारी विवेक कुमार वर्मा ने बताया कि धनेश पाठक का पुरवा गांव निवासी मनोज पाल की पत्नी प्रेरणा (28) का शव घर के अंदर फंदे से लटका मिला। परिजनों ने उसे तत्काल नीचे उतारकर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र शुकुल बाजार पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी। मृतका के मायके पक्ष का कहना है कि प्रेरणा ने करीब दो वर्ष पहले मनोज पाल से प्रेम विवाह किया था। परिजनों ने आरोप लगाया है कि ससुराल पक्ष ने उसकी हत्या कर शव को फंदे से लटका दिया, ताकि मामले को आत्महत्या का रूप दिया जा सके।
पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। घटनास्थल पर फील्ड यूनिट टीम को भी बुलाया गया, जिसने साक्ष्य एकत्र करने का काम शुरू कर दिया है।
थाना प्रभारी विवेक कुमार वर्मा ने बताया कि मामले की हर पहलू से जांच की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। समाचार लिखे जाने तक किसी भी पक्ष की ओर से लिखित शिकायत नहीं दी गई थी।
No Comment! Be the first one.