मुख्यमंत्री सुक्खू ने किया कमियाना हिल टॉप नेचर ट्रेल का लोकार्पण, 5.20 करोड़ रुपये की सड़कों की घोषणा

NEWS SAGA DESK

शिमला: मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू ने शुक्रवार को शिमला के निकट पोआबो गांव में वन विभाग द्वारा विकसित महत्वाकांक्षी इको-टूरिज्म एवं नेचर इंटरप्रिटेशन परियोजना कमियाना हिल टॉप नेचर ट्रेल के प्रथम चरण का लोकार्पण किया। लगभग 5 करोड़ रुपये की लागत से विकसित यह परियोजना करीब 8 हेक्टेयर क्षेत्र में फैली हुई है।

परियोजना के तहत 2.5 किलोमीटर लंबा नेचर ट्रेल विकसित किया गया है, जिसका उद्देश्य पर्यावरण संरक्षण, जैव विविधता के प्रति जागरूकता और सतत पर्यटन को बढ़ावा देना है। ट्रेल को इस प्रकार तैयार किया गया है कि वरिष्ठ नागरिकों और बच्चों सहित सभी आयु वर्ग के लोग आसानी से इसका आनंद ले सकें।

हिमालयी वादियों का मिलेगा मनोरम दृश्य

कमियाना हिल टॉप से आसपास के हिमालयी क्षेत्रों के मनोहारी दृश्य दिखाई देते हैं। यहां से शाली शिखर, महासू शिखर, नालदेहरा, मशोबरा और क्रैगनैनो नेचर पार्क सहित कई प्रमुख स्थलों का नजारा देखा जा सकता है।

परियोजना का प्रमुख आकर्षण बोनसाई उद्यान है, जहां 15 प्रजातियों के लगभग 40 बोनसाई पौधों को प्रदर्शित किया गया है।

16 सड़कों के निर्माण के लिए 5.20 करोड़ रुपये मंजूर

इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने कसुम्पटी विधानसभा क्षेत्र में वन अधिकार अधिनियम (एफआरए) के तहत स्वीकृत 16 सड़कों के निर्माण के लिए 5.20 करोड़ रुपये देने की घोषणा की। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार पारदर्शिता, ईमानदारी और जनसेवा की भावना के साथ कार्य कर रही है तथा ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूत करने के लिए कई महत्वपूर्ण कदम उठाए गए हैं।

भाजपा पर साधा निशाना

मुख्यमंत्री सुक्खू ने भाजपा पर जनता को गुमराह करने का आरोप लगाते हुए कहा कि जिला परिषद की 251 सीटों में भाजपा को केवल 98 सीटों पर जीत मिली है, बावजूद इसके वह भ्रामक प्रचार कर रही है।

उन्होंने दावा किया कि हाल ही में हुए पंचायती राज चुनावों में कांग्रेस विचारधारा से जुड़े उम्मीदवारों ने 53 शहरी स्थानीय निकायों में से 29 पर जीत दर्ज की, जबकि भाजपा समर्थित उम्मीदवार 21 निकायों में ही सफल रहे। इसके अलावा बड़ी संख्या में कांग्रेस समर्थित प्रधान और उप-प्रधान भी निर्वाचित हुए हैं।

मुख्यमंत्री ने कहा कि भाजपा ने धनबल के जरिए राजनीतिक अस्थिरता पैदा करने का प्रयास किया, लेकिन जनता और देवी-देवताओं के आशीर्वाद से उपचुनावों के बाद कांग्रेस विधायकों की संख्या फिर 40 तक पहुंच गई। उन्होंने यह भी कहा कि कांग्रेस ने पहले शिमला नगर निगम चुनावों में ऐतिहासिक जीत दर्ज की थी।

Read More News

भारतमाला परियोजना में दुलमी को बड़ी सौगात, कुल्ही में अंडरपास, सोंटाई में ऊपरी पुल और बरियातू में पैदल पुल को मंजूरी

भारतमाला परियोजना के तहत रामगढ़ जिले के दुलमी प्रखंड के लोगों को बड़ी राहत मिलने जा रही है। लंबे...

Read More