भारतमाला परियोजना में दुलमी को बड़ी सौगात, कुल्ही में अंडरपास, सोंटाई में ऊपरी पुल और बरियातू में पैदल पुल को मंजूरी

NEWS SAGA DESK

रामगढ़ : भारतमाला परियोजना के तहत रामगढ़ जिले के दुलमी प्रखंड के लोगों को बड़ी राहत मिलने जा रही है। लंबे समय से अंडरपास, फ्लाईओवर और फुटब्रिज की मांग कर रहे ग्रामीणों की मांग अब पूरी होने वाली है। कुल्ही में अंडरपास, सोंटाई में ऊपरी पुल और बरियातू में पैदल पुल निर्माण को मंजूरी मिल गई है।

भारतमाला परियोजना के तहत सड़क निर्माण कार्य के दौरान कई गांवों के लोगों को आवागमन में परेशानी का सामना करना पड़ रहा था। सड़क निर्माण के कारण ग्रामीणों की सुरक्षा और संपर्क व्यवस्था प्रभावित हो रही थी। इसे लेकर क्षेत्र के लोग लंबे समय से सुरक्षित आवागमन की मांग कर रहे थे।

इस मुद्दे को गंभीरता से लेते हुए गिरिडीह सांसद चंद्रप्रकाश चौधरी ने संबंधित अधिकारियों के समक्ष ग्रामीणों की समस्याएं उठाईं। कुछ समय पूर्व दुलमी के कुल्ही चौक में ग्रामीणों, भारतमाला परियोजना के अधिकारियों और सांसद के बीच बैठक भी हुई थी, जिसमें लोगों ने अपनी समस्याएं विस्तार से रखी थीं।

इसके बाद सांसद चंद्रप्रकाश चौधरी नई दिल्ली पहुंचे और भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (एनएचएआई) के अध्यक्ष से मुलाकात कर कुल्ही, सोंटाई और बरियातू की समस्याओं से अवगत कराया। उनके प्रयासों के बाद तीनों परियोजनाओं को मंजूरी मिल गई।

आजसू के दुलमी प्रखंड अध्यक्ष पंकज कुमार ने बताया कि निर्माणाधीन सड़क के कारण ग्रामीणों को सड़क पार करने, दैनिक कार्यों और आवाजाही में कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा था। अब अंडरपास, ऊपरी पुल और पैदल पुल बनने से लोगों की सुरक्षा बढ़ेगी और दुर्घटनाओं की आशंका भी कम होगी।

परियोजनाओं की मंजूरी की खबर मिलते ही क्षेत्र में खुशी का माहौल है। ग्रामीणों ने सांसद चंद्रप्रकाश चौधरी के प्रयासों की सराहना करते हुए उम्मीद जताई है कि निर्माण कार्य जल्द शुरू होगा और इसका लाभ दुलमी तथा आसपास के गांवों के हजारों लोगों को मिलेगा।

ग्रामीणों का कहना है कि ये सुविधाएं न केवल सुरक्षित आवागमन सुनिश्चित करेंगी, बल्कि क्षेत्र के विकास और संपर्क व्यवस्था को भी नई गति देंगी।

Read More News

भारतमाला परियोजना में दुलमी को बड़ी सौगात, कुल्ही में अंडरपास, सोंटाई में ऊपरी पुल और बरियातू में पैदल पुल को मंजूरी

भारतमाला परियोजना के तहत रामगढ़ जिले के दुलमी प्रखंड के लोगों को बड़ी राहत मिलने जा रही है। लंबे...

Read More