NEWS SAGA DESK
चाईबासा: जिले में अवैध शराब के कारोबार पर अंकुश लगाने के लिए उत्पाद विभाग लगातार अभियान चला रहा है। उपायुक्त और अधीक्षक उत्पाद के निर्देश पर गुवा एवं नोवामुंडी थाना क्षेत्र में विशेष छापेमारी अभियान चलाया गया। इस दौरान 22 लीटर अवैध चुलाई शराब बरामद की गई और दो लोगों को गिरफ्तार किया गया।
उत्पाद निरीक्षक निर्भय कुमार सिन्हा ने बताया कि गुवा थाना क्षेत्र के बड़ा जामुदा गांव में अवैध चुलाई शराब की बिक्री की सूचना मिली थी। सूचना के आधार पर टीम ने घेराबंदी कर छापेमारी की, जहां एक व्यक्ति को शराब बेचते हुए रंगेहाथ गिरफ्तार किया गया। मौके से अवैध शराब भी जब्त की गई।
नोवामुंडी में भी एक आरोपी गिरफ्तार
उत्पाद विभाग की दूसरी टीम ने नोवामुंडी थाना क्षेत्र के कोल्हानहाटी गांव में छापेमारी की। यहां भी अवैध चुलाई शराब की बिक्री की सूचना पर कार्रवाई करते हुए एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया गया। दोनों स्थानों पर हुई कार्रवाई में कुल 22 लीटर अवैध चुलाई शराब बरामद की गई। जब्त शराब को कब्जे में लेकर आरोपियों के खिलाफ उत्पाद अधिनियम के तहत कानूनी प्रक्रिया शुरू कर दी गई है।
अवैध कारोबारियों में हड़कंप
उत्पाद विभाग की लगातार कार्रवाई से अवैध शराब कारोबारियों में हड़कंप मचा हुआ है। विभाग ने स्पष्ट किया है कि जिले में कहीं भी अवैध शराब के निर्माण, भंडारण या बिक्री की सूचना मिलने पर तत्काल कार्रवाई की जाएगी। अधिकारियों का मानना है कि लगातार अभियान चलाकर अवैध शराब के कारोबार पर प्रभावी नियंत्रण स्थापित किया जा सकता है।
लाइसेंसी शराब दुकानों की भी हुई जांच
अभियान के दौरान नोवामुंडी स्थित कंपोजिट शराब दुकान का भी औचक निरीक्षण किया गया। अधिकारियों ने दुकान के संचालन, स्टॉक और बिक्री व्यवस्था की जांच की तथा संचालकों को सरकार द्वारा निर्धारित नियमों का कड़ाई से पालन करने का निर्देश दिया।
एमआरपी से अधिक कीमत वसूलने पर होगी कार्रवाई
उत्पाद विभाग ने लाइसेंसी दुकानदारों को चेतावनी दी है कि शराब की बिक्री केवल निर्धारित अधिकतम खुदरा मूल्य (एमआरपी) पर ही की जाए। यदि किसी दुकान द्वारा तय कीमत से अधिक राशि वसूलने की शिकायत मिलती है तो संबंधित संचालक के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
विभाग ने कहा है कि अवैध शराब के सिंडिकेट को समाप्त करने और सरकारी राजस्व की सुरक्षा के लिए यह अभियान आगे भी जारी रहेगा। साथ ही आम लोगों से अवैध शराब के निर्माण या बिक्री की जानकारी प्रशासन को देने की अपील की गई है।
No Comment! Be the first one.