NEWS SAGA DESK
कोडागु (कर्नाटक): कर्नाटक के कोडागु जिले में जंगली हाथी के हमले में सेवानिवृत्त आईजीपी अन्नालामाडा सुनील अचैया की पत्नी संध्या (60) की मौत हो गई। यह दर्दनाक घटना शुक्रवार सुबह पोन्नम्पेट तालुक के थितीमथी के पास स्थित कोंननाकट्टे गांव में हुई। घटना के बाद पूरे इलाके में दहशत का माहौल है।
जानकारी के अनुसार संध्या रोज की तरह सुबह टहलने निकली थीं। इस दौरान वह अपने निजी कॉफी बागान में चल रहे कार्यों का निरीक्षण करने पहुंचीं। बागान से घर लौटने के दौरान अचानक एक जंगली हाथी ने उन पर हमला कर दिया।
बचाने पहुंचे मजदूरों पर भी हमला
हाथी को आक्रामक होते देख बागान में काम कर रहे दो मजदूर संध्या को बचाने के लिए आगे बढ़े, लेकिन हाथी ने उन पर भी हमला कर दिया। हालांकि दोनों मजदूर किसी तरह वहां से भागकर अपनी जान बचाने में सफल रहे।
अस्पताल में उपचार के दौरान मौत
हमले में गंभीर रूप से घायल संध्या को स्थानीय लोगों और मजदूरों की मदद से गोनिकोप्पल के लोपामुद्रा अस्पताल ले जाया गया। चिकित्सकों ने उन्हें बचाने का प्रयास किया, लेकिन इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई। घटना के बाद परिवार में शोक की लहर दौड़ गई है। वहीं घायल दोनों मजदूरों का स्थानीय अस्पताल में इलाज चल रहा है।
क्षेत्र में बढ़ रहा हाथियों का खतरा
कोडागु और आसपास के जंगल से सटे इलाकों में हाथियों की आवाजाही और हमलों की घटनाएं लगातार बढ़ रही हैं। हाल ही में सोमवारपेट तालुक स्थित दुबारे एलीफेंट कैंप में भी हाथियों के दो झुंडों के बीच हुई हिंसक भिड़ंत के दौरान तमिलनाडु से आई एक महिला पर्यटक की मौत हो गई थी।
स्थानीय लोगों ने वन विभाग से हाथियों की बढ़ती गतिविधियों पर नियंत्रण के लिए प्रभावी कदम उठाने की मांग की है, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं को रोका जा सके।
No Comment! Be the first one.