ईओएस-05 के सफल प्रक्षेपण पर पीएम मोदी, राजनाथ सिंह समेत कई नेताओं ने इसरो टीम को बधाई दी। मिशन को भारत की अंतरिक्ष क्षमता की बड़ी उपलब्धि बताया।
News Saga Desk
भारत के पहले इमेजिंग सैटेलाइट ईओएस-05 के सफल प्रक्षेपण पर देशभर से बधाइयों का सिलसिला शुरू हो गया है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, रक्षामंत्री राजनाथ सिंह, केंद्रीय मंत्री जितेंद्र सिंह, पीयूष गोयल, हरदीप सिंह पुरी, ज्योतिरादित्य सिंधिया और कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे समेत कई नेताओं ने भारतीय अंतरिक्ष अनुसंधान संगठन (इसरो) की पूरी टीम को इस उपलब्धि पर बधाई दी है। श्रीहरिकोटा से जीएसएलवी-एफ17 रॉकेट के जरिए ईओएस-05 को जियोसिंक्रोनस ऑर्बिट में सफलतापूर्वक स्थापित किया गया।
पीएम मोदी ने बताया गर्व का पल
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर इसरो की सफलता पर खुशी जताई। उन्होंने कहा कि यह भारत के लिए गर्व का क्षण है और जीएसएलवी-एफ17 का सफल प्रक्षेपण देश के अंतरिक्ष क्षेत्र की उत्कृष्टता, नवाचार और बढ़ती क्षमताओं को दर्शाता है।

प्रधानमंत्री ने इसरो और भारतीय उद्योग के बीच बढ़ती साझेदारी को भी महत्वपूर्ण बताया। उनके मुताबिक, यह सहयोग भारत के अंतरिक्ष कार्यक्रम को नई ताकत और विस्तार दे रहा है। इससे देश के पूरे स्पेस इकोसिस्टम की क्षमताओं में भी लगातार वृद्धि हो रही है।
राजनाथ सिंह ने बताई बड़ी उपलब्धि
रक्षामंत्री राजनाथ सिंह ने ईओएस-05 के सफल प्रक्षेपण को भारत की पृथ्वी अवलोकन क्षमताओं को मजबूत करने वाला कदम बताया। उन्होंने कहा कि जियोसिंक्रोनस ऑर्बिट में स्थापित यह इमेजिंग सैटेलाइट देश के आधुनिक होते अंतरिक्ष कार्यक्रम को दर्शाता है।
उन्होंने इसरो और भारतीय उद्योग के बीच बढ़ते सहयोग की भी सराहना की। रक्षामंत्री के अनुसार, यह साझेदारी स्वदेशी क्षमताओं को मजबूत करने के साथ-साथ नवाचार को बड़े पैमाने पर बढ़ावा दे रही है और भारत की अंतरिक्ष महत्वाकांक्षाओं के लिए नए रास्ते खोल रही है।
इसे भी देखे- पुतला दहन पर रांची में हंगामा! JMM कार्यकर्ताओं से भिड़े छात्र | JPSC-JSSC Protest
जितेंद्र सिंह ने गिनाईं सैटेलाइट की खूबियां
केंद्रीय विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी मंत्री डॉ. जितेंद्र सिंह ने भी इस मिशन को भारत के लिए बड़ी कामयाबी बताया। उन्होंने कहा कि ईओएस-05 एक अत्याधुनिक अर्थ ऑब्जर्वेशन सैटेलाइट है और जियोसिंक्रोनस ऑर्बिट से भारत का पहला इमेजिंग सैटेलाइट है।
उन्होंने बताया कि उपग्रह विजिबल, इन्फ्रारेड, मल्टी-स्पेक्ट्रल और हाइपर-स्पेक्ट्रल बैंड में उन्नत इमेजिंग की सुविधा प्रदान करता है। उनके अनुसार, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत की अंतरिक्ष क्षमताएं लगातार नई ऊंचाइयां हासिल कर रही हैं और वैश्विक अंतरिक्ष शक्ति के रूप में देश की स्थिति मजबूत हो रही है।
No Comment! Be the first one.