योगी आदित्यनाथ ने जन्माष्टमी पर श्रीकृष्ण जन्मस्थान में पूजा की और श्रद्धालुओं पर पुष्प वर्षा की। उन्होंने ब्रज के आस्था अनुरूप विकास का भरोसा दिया।
News Saga Desk
श्रीकृष्ण जन्माष्टमी के पावन अवसर पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने शुक्रवार को मथुरा स्थित श्रीकृष्ण जन्मस्थान पहुंचकर भगवान श्रीकृष्ण की पूजा-अर्चना की। मुख्यमंत्री ने गर्भगृह में भगवान श्रीकृष्ण के दर्शन किए और इसके बाद योगमाया मंदिर, केशवदेव मंदिर तथा भागवत भवन में भी पूजा की। जन्मस्थान परिसर में करीब 30 मिनट रहने के दौरान योगी आदित्यनाथ ने श्रद्धालुओं पर पुष्प वर्षा कर उन्हें जन्माष्टमी की शुभकामनाएं दीं। इस मौके पर उन्होंने कहा कि मथुरा और पूरे ब्रज क्षेत्र का विकास श्रद्धालुओं की आस्था और भावनाओं के अनुरूप किया जाएगा।
20वीं बार श्रीकृष्ण जन्मस्थान पहुंचे योगी
अपने दो दिवसीय मथुरा दौरे के दूसरे दिन मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ सुबह करीब 9:55 बजे श्रीकृष्ण जन्मस्थान पहुंचे। मुख्यमंत्री पद संभालने के बाद यह उनकी 20वीं जन्मस्थान यात्रा बताई गई। परिसर में पहुंचने के बाद उन्होंने सबसे पहले गर्भगृह में भगवान श्रीकृष्ण के दर्शन किए।

गर्भगृह की दीवारों को चांदी की परत से सजाया गया था, जिसकी भव्यता ने सभी का ध्यान आकर्षित किया। मुख्यमंत्री ने काफी देर तक गर्भगृह में विराजमान भगवान श्रीकृष्ण के दर्शन किए। इस दौरान श्रीकृष्ण जन्मस्थान सेवा संस्थान के पदाधिकारियों ने उनका स्वागत किया।
योगमाया और केशवदेव मंदिर में भी की पूजा
गर्भगृह में दर्शन के बाद मुख्यमंत्री योगमाया मंदिर पहुंचे। इसके बाद उन्होंने केशवदेव मंदिर में पूजा-अर्चना की और फिर भागवत भवन में युगल सरकार के दर्शन किए। जन्माष्टमी के अवसर पर श्रीकृष्ण जन्मस्थान परिसर में बड़ी संख्या में श्रद्धालु मौजूद रहे।

पूजा-अर्चना के बाद मुख्यमंत्री ने श्रद्धालुओं को संबोधित किया। उन्होंने कहा कि ब्रज क्षेत्र के विकास में श्रद्धालुओं की भावनाओं और आस्था को प्राथमिकता दी जाएगी। मथुरा के साथ नंदगांव, बरसाना, गोवर्धन और वृंदावन को भी उसी दृष्टिकोण के साथ विकसित करने की बात कही गई।
इसे भी देखे- युवा वकीलों की समस्याएं बनीं चुनावी मुद्दा, उम्मीदवारों ने दिया समाधान का भरोसा
श्रद्धालुओं पर की पुष्प वर्षा
जन्माष्टमी के मौके पर मुख्यमंत्री ने श्रद्धालुओं पर पुष्प वर्षा कर पर्व की शुभकामनाएं दीं। इस दौरान उन्होंने कहा कि ब्रजवासियों को सम्मान देने के लिए वह हर जन्माष्टमी पर मथुरा आते हैं।
योगी आदित्यनाथ ने अपने संबोधन में पिछली सरकारों पर भी निशाना साधा। उन्होंने आरोप लगाया कि पहले की सरकारें वोट बैंक की राजनीति के कारण मथुरा आने से बचती थीं। उन्होंने कहा कि पहले जहां जवाहर बाग जैसी घटनाएं चर्चा में रहती थीं, वहीं अब ब्रज में रंगोत्सव और ब्रजराज उत्सव जैसे कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं।
No Comment! Be the first one.