जमशेदपुर में देर रात बवाल के बाद पुलिस का एक्शन, हवाई फायरिंग से मचा हड़कंप

NEWS SAGA DESK

जमशेदपुर में जुगसलाई के ईदगाह मैदान के पास देर रात विवाद के बाद बवाल हुआ। पुलिस ने लाठीचार्ज और हवाई फायरिंग कर स्थिति नियंत्रित की।

जमशेदपुर में बवाल की घटना ने शुक्रवार देर रात जुगसलाई थाना क्षेत्र के ईदगाह मैदान और आसपास के इलाकों में तनाव बढ़ा दिया। दो पक्षों के बीच विवाद के बाद मौके पर बड़ी संख्या में लोगों के जुटने और पुलिस टीम पर पथराव की सूचना से स्थिति गंभीर हो गई। भीड़ को नियंत्रित करने के लिए पुलिस ने पहले लाठीचार्ज किया और हालात काबू में नहीं आने पर हवाई फायरिंग की। घटना के बाद इलाके में अतिरिक्त पुलिस बल और क्यूआरटी की टीमें तैनात कर दी गईं।

जमशेदपुर में बवाल

मौके पर डीएसपी सुमित कुमार समेत कई पुलिस अधिकारी पहुंचे और देर रात तक स्थिति पर नजर बनाए रखी। पुलिस ने लोगों से शांति और संयम बनाए रखने की अपील करते हुए किसी भी तरह की अफवाह पर ध्यान नहीं देने को कहा है। जमशेदपुर में बवाल के बाद पुलिस अब घटना में शामिल लोगों की पहचान और उनकी भूमिका की जांच कर रही है।

बाछी की तलाश से शुरू हुआ विवाद

मिली जानकारी के अनुसार, बिष्टुपुर के रामदास भट्टा ग्वालाबस्ती से एक गाय की बाछी चोरी होने की बात सामने आई थी। मवेशी का मालिक उसकी तलाश करते हुए जुगसलाई पहुंचा। उसे जानकारी मिली कि ईदगाह मैदान के पास उक्त बाछी को लाया गया है। इसके बाद कुछ लोग वहां पहुंचे और मामले के बारे में जानकारी लेने लगे। इसी दौरान वहां मौजूद लोगों के बीच किसी बात को लेकर विवाद हो गया। शुरुआती विवाद की जानकारी आसपास के इलाकों में फैलने लगी। इसके बाद जुगसलाई के गद्दी मोहल्ला और ग्वालाबस्ती से भी लोग मौके की ओर पहुंचने लगे। कुछ ही समय में वहां भीड़ बढ़ गई और स्थिति तनावपूर्ण हो गई।


इसे भी देखें…अब हर बूंद बताएगी बारिश का मिजाज! रांची में लगा बिहार-झारखंड क्षेत्र का पहला डिस्ट्रोमीटर

जमशेदपुर में बवाल के बाद ईदगाह मैदान और आसपास के संवेदनशील इलाकों में पुलिस बल की तैनाती बढ़ा दी गई। क्यूआरटी की टीमें लगातार क्षेत्र में निगरानी करती रहीं। इसके अलावा पुलिस अधिकारियों ने इलाके में फ्लैग मार्च भी किया, ताकि लोगों में सुरक्षा का भरोसा कायम किया जा सके।घटना के बाद पुलिस ने मौके की जांच की और कारतूस के खोखे बरामद किए। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि विवाद किन परिस्थितियों में बढ़ा और हिंसा में कौन-कौन लोग शामिल थे। अधिकारियों के अनुसार, उपलब्ध जानकारी और घटनास्थल से मिले साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जा रही है।

Read More News

Read More