रांची से पटना पहुंचे CCL के पूर्व GM की कार में मिली लाश

NEWS SAGA DESK

पटना के राजीव नगर में सीसीएल के रिटायर्ड जीएम आलोक कुमार का शव उनकी कार से मिला। कनपटी में गोली लगने से मौत हुई है। पुलिस हत्या और आत्महत्या दोनों एंगल से जांच कर रही है।

बिहार की राजधानी पटना से एक बड़ी और सनसनीखेज खबर सामने आई है। राजीव नगर थाना क्षेत्र के फ्रेंड्स कॉलोनी रोड नंबर-4 स्थित जमुना पैलेस के नीचे शनिवार सुबह सेंट्रल कोलफील्ड्स लिमिटेड (CCL) के रिटायर्ड जनरल मैनेजर (GM) आलोक कुमार का शव उनकी ही कार में मिलने से इलाके में हड़कंप मच गया। मृतक के सिर (कनपटी के पीछे) में गोली लगी थी। पुलिस ने मौके से एक पिस्टल और खाली कारतूस बरामद किया है।

बिहार की राजधानी पटना

तीन दिन पहले ही रांची से बहन के घर आए थे पटना आलोक कुमार मूल रूप से झारखंड की राजधानी रांची के गोंदा थाना क्षेत्र स्थित इंदिरा नगर (कांके रोड) के रहने वाले थे। परिजनों के अनुसार, वह करीब तीन दिन पहले ही पटना की फ्रेंड्स कॉलोनी (302-एफ ब्लॉक) में रहने वाली अपनी बहन से मिलने आए थे। शनिवार सुबह करीब साढ़े पांच बजे जमुना पैलेस के पास स्थानीय लोगों ने गोली चलने की तेज आवाज सुनी। जब लोग मौके पर पहुंचे, तो कार की ड्राइविंग सीट पर आलोक कुमार खून से लथपथ पड़े थे।

खुली थी कार की खिड़की और दरवाजा घटना की सूचना मिलते ही राजीव नगर थाना पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची और पूरे इलाके को सील कर जांच शुरू की। शुरुआती मुआयने में पाया गया कि कार की ड्राइविंग सीट का दरवाजा खुला हुआ था और खिड़की का शीशा भी नीचे था। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और फॉरेंसिक (FSL) टीम की मदद से घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए हैं।

Read More News

Read More