6 अक्टूबर से बदलेगा मौसम, बारिश और मेघ गर्जन का अलर्ट

झारखंड में 4 अक्टूबर तक मौसम साफ रहेगा। 5 अक्टूबर से बादल बढ़ेंगे और 6 अक्टूबर को कई इलाकों में बारिश व मेघ गर्जन की संभावना है।

News Saga Desk

त्योहारों का मौसम शुरू होने वाला है… ऐसे में अगर आप भी खरीदारी, घूमने या घर से बाहर निकलने का प्लान बना रहे हैं, तो पहले जान लीजिए कि त्योहारों से पहले आपके शहर का मौसम कैसा रहने वाला है। झारखंड में फिलहाल मौसम शुष्क रहने का अनुमान है। रांची समेत राज्य के ज्यादातर हिस्सों में 4 अक्टूबर तक मौसम साफ रहने की संभावना है। हालांकि, 5 अक्टूबर से आसमान में बादलों की आवाजाही बढ़ सकती है और 6 अक्टूबर से कुछ इलाकों में मौसम का मिजाज बदलता नजर आएगा। मौसम विभाग के पूर्वानुमान के मुताबिक, 6 अक्टूबर को राज्य के उत्तर-पूर्वी, मध्य और दक्षिणी हिस्सों में कुछ जगहों पर हल्की से मध्यम बारिश के साथ मेघ गर्जन हो सकता है। वहीं 7 और 8 अक्टूबर को उत्तर-पूर्वी झारखंड के कुछ इलाकों में बारिश की संभावना बनी रहेगी। हालांकि राहत की बात ये है कि इस दौरान किसी भी जिले के लिए अलग से कोई चेतावनी या अलर्ट जारी नहीं किया गया है।

अब बात राजधानी रांची की करें तो 4 अक्टूबर तक मौसम साफ और शुष्क रहने का अनुमान है। 5 अक्टूबर से आंशिक बादल छा सकते हैं, जबकि 6 अक्टूबर को बादलों की सक्रियता और बढ़ने की संभावना है। कुल मिलाकर, त्योहारों से पहले झारखंड में मौसम फिलहाल गर्म और शुष्क रहने वाला है, लेकिन 5 अक्टूबर के बाद बादलों की सक्रियता बढ़ेगी और 6 अक्टूबर से कुछ इलाकों में बारिश और मेघ गर्जन देखने को मिल सकता है। ऐसे में अगर आप त्योहारों की खरीदारी या यात्रा का प्लान बना रहे हैं, तो मौसम के ताजा अपडेट पर नजर जरूर रखें।

Read More News

Read More