पलामू में रफ्तार का कहर, 8 साल की बच्ची को टोटो ने कुचला, मौत

झारखंड के पलामू जिले में एक दर्दनाक सड़क हादसे ने परिवार की खुशियां छीन लीं। घर के पास सड़क पार कर रही महज 8 साल की बच्ची को तेज रफ्तार टोटो ने टक्कर मार दी। हादसे में बच्ची गंभीर रूप से घायल हो गई। उसे इलाज के लिए अस्पताल ले जाया जा रहा था

NEWS SAGA DESK

झारखंड के पलामू जिले में एक दर्दनाक सड़क हादसे ने परिवार की खुशियां छीन लीं। घर के पास सड़क पार कर रही महज 8 साल की बच्ची को तेज रफ्तार टोटो ने टक्कर मार दी। हादसे में बच्ची गंभीर रूप से घायल हो गई। उसे इलाज के लिए अस्पताल ले जाया जा रहा था, लेकिन रास्ते में ही उसने दम तोड़ दिया। घटना के बाद गांव में मातम पसरा है, जबकि आक्रोशित ग्रामीणों ने मुआवजे और आरोपी चालक के खिलाफ कार्रवाई की मांग को लेकर कई घंटों तक सड़क जाम रखा।

सड़क पार करते वक्त टोटो ने मारी जोरदार टक्कर

यह घटना नौडीहा थाना क्षेत्र के सरइडीह गांव स्थित हथिया पथल की है। मृत बच्ची की पहचान लाखो कुमारी (8) के रूप में हुई है। जानकारी के अनुसार, लाखो अपने घर के नजदीक सड़क पार कर रही थी। इसी दौरान JH03AW8115 नंबर के तेज रफ्तार टोटो ने उसे जोरदार टक्कर मार दी। हादसे के समय बच्ची के दादा करम भुइया भी उसके साथ मौजूद थे। टक्कर लगने से लाखो गंभीर रूप से घायल हो गई। घटना के बाद स्थानीय निवासी भरत कुमार ने टोटो को पकड़ लिया। इसके बाद उसी वाहन से बच्ची को उसके दादा के साथ छतरपुर अनुमंडलीय अस्पताल ले जाया जाने लगा।

अस्पताल पहुंचने से पहले मासूम ने तोड़ा दम

घायल बच्ची को अस्पताल पहुंचाने की कोशिश की जा रही थी, लेकिन सहरस्वा के पास रास्ते में ही उसकी मौत हो गई। बताया जा रहा है कि बच्ची की मौत की जानकारी मिलने के बाद टोटो चालक वाहन छोड़कर फरार हो गया। लाखो के पिता दिलीप भुइया रोजगार के सिलसिले में दिल्ली में रहकर मजदूरी करते हैं। हादसे की सूचना उन्हें दे दी गई है। बच्ची की असमय मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है।

मुआवजे की मांग पर ग्रामीणों ने किया सड़क जाम

बच्ची की मौत की खबर मिलते ही गांव के लोगों में आक्रोश फैल गया। ग्रामीणों ने मुआवजे और हादसे के जिम्मेदार चालक के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग करते हुए सड़क पर विरोध प्रदर्शन शुरू कर दिया। इस दौरान कई घंटों तक आवागमन बाधित रहा। सूचना मिलने पर नौडीहा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और लोगों को समझाकर जाम हटवाने का प्रयास किया। पुलिस ने हादसे में शामिल टोटो को जब्त कर लिया है। वाहन के रजिस्ट्रेशन नंबर के आधार पर फरार चालक की पहचान और गिरफ्तारी के लिए तलाश की जा रही है।

Read More News

गुमला की नाबालिग को काम दिलाने के बहाने राजस्थान में 20 हजार में बेचा, 50 वर्षीय व्यक्ति से जबरन कराई शादी

झारखंड के गुमला में मानव तस्करी का गंभीर मामला सामने आया है। नाबालिग को नौकरी का झांसा देकर...

Read More